बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव से आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम और पोलाकी में भारी बारिश
विशाखापत्तनम । बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) गुरुवार तड़के कलिंगपट्टनम और पोलाकी के बीच तट से टकराया है, जिसकी वजह से उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई है।
हवा की अधिकतम गति 55-65 किमी प्रति घंटा थी
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के अधिकारियों की ओर से जानकारी दी गई कि बुधवार देर रात शुरू हुआ लैंडफॉल दो घंटे तक चला। श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम और अनाकापल्ली जिलों में भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया और सड़क यातायात बाधित हुआ। यह डीप डिप्रेशन रात 11 बजे से 1 बजे के बीच कलिंगपट्टनम के दक्षिण-पश्चिम के पास तट से टकराया। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 55-65 किमी प्रति घंटा थी, जो झोंकों के साथ 75 किमी प्रति घंटा तक पहुंच रही थी। पिछले छह घंटों में यह डीप डिप्रेशन 3 किमी प्रति घंटा की गति से आगे बढ़ा और उम्मीद है कि अगले 12 घंटों तक यह 'सीवियर डिप्रेशन' (गंभीर दबाव) के रूप में बना रहेगा। एपीएसडीएमए ने गुरुवार सुबह बताया कि इसके बाद के 24 घंटों में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
80 जगहों पर 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई
एपीएसडीएमए के एमडी प्रखर जैन की ओर से लोगों से लैंडफॉल के बाद 48 घंटों तक सतर्क रहने को कहा गया है। उन्होंने ने कहा कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) के खतरे को लेकर सतर्क रहना चाहिए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहना चाहिए। गुरुवार को श्रीकाकुलम, विजयनगरम, मन्यम और अल्लूरी सीताराम राजू जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। पोलावरम, विशाखापत्तनम, अनाकापल्ली और काकीनाडा जिलों के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। 80 जगहों पर 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।
टोल-फ्री नंबर 18004250101
इस बीच, डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर 112 और 1070 हैं। राज्य कंट्रोल रूम के लिए टोल-फ्री नंबर 18004250101 है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हालात का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टरों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बारिश से प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिया कि जब तक बारिश कम न हो जाए, वे सतर्क रहें।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)