व्यक्तिगत टिप्पणी देशहित में नहीं : मायावती

Oct 27, 2026 - 12:47
0 4
व्यक्तिगत टिप्पणी देशहित में नहीं : मायावती
Mayawati

एजेंसी, लखनऊ। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रतिक्रिया दी है। बसपा प्रमुख ने बिना नाम लिए कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में आपसी अविश्वास, द्वेष, कटुता और आरोप-प्रत्यारोप का स्तर अब व्यक्तिगत स्तर पर भी काफी बेलगाम हो गया है। इससे देश की गरिमा और मान-मर्यादा पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। 

हिंसक बयानबाजी अति-दुखद

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''भारतीय राजनीति में आपसी अविश्वास, द्वेष, कटुता और आरोप-प्रत्यारोप का स्तर अब व्यक्तिगत स्तर पर भी काफी बेलगाम हो गया है। यह असंसदीय, अमर्यादित, अपमानजनक, संकीर्ण और जातिवाद से ग्रसित होते हुए हिंसक बयानबाजी तक पहुंच रहा है, जो अति-दुखद और देश की गरिमा व मान-मर्यादा के लिए चिंताजनक है।''

एक-दूसरे के लिए समुचित सम्मान नहीं

उन्होंने कहा कि शीर्ष स्तर पर आसीन लोगों के बीच यदि एक-दूसरे के लिए समुचित सम्मान नहीं है, तो कम से कम आपत्तिजनक और विषैली राजनीति को किसी भी प्रकार से बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। बढ़ती संकीर्ण और गरीब-विरोधी स्वार्थी राजनीति के कारण लोगों का भरोसा राजनीतिक व्यवस्था पर कमजोर होना देश और जनहित में नहीं होगा। बसपा प्रमुख ने सरकारी स्तर पर व्यापक भ्रष्टाचार और चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का भी उल्लेख किया।

बढ़ती गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई पर ध्यान केंद्रित हो

उन्होंने कहा कि इन कारणों से जनता पहले से ही बेचैन है। ऐसे में नेताओं के बीच नाक की आपसी लड़ाई स्थिति को और अधिक विषम बना रही है जबकि जनता चाहती है कि देश में बढ़ती गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई जैसी ज्वलंत समस्याओं के समाधान पर सभी का ध्यान केंद्रित हो। ऐसे में खासकर सभी पार्टियों व उनके नेताओं के बीच अशोभनीय टीका-टिप्पणी और बयानबाजी की बढ़ती हुई होड़ यहां राजनीतिक माहौल को और भी अधिक कड़वा व विषैला बनाएगी, जो अनुचित है। सभी लोग इस ओर समुचित ध्यान दें तो यह बेहतर होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User