प्रधानमंत्री मोदी के पिता पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर राजनीति गरमाई, भाजपा का देशव्यापी प्रदर्शन
नई दिल्ली: बीजेपी ने कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर सड़कों पर उतरने का फैसला लिया। आज देशभर में भारतीय जनता पार्टी प्रदर्शन कर रही है। मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री मोदी को लेकर दिए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, रविवार को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने PM मोदी के खिलाफ टिप्पणी की थी। भाषण के दौरान जब दर्शक दीर्घा में मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें टोका और कहा कि 'मोदी नहीं जाएगा', तो खरगे ने मंच से जवाब दिया, 'मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।'
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। भाजपा का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत अपमान का रूप नहीं देना चाहिए। आज देशभर में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सड़कों पर उतरने जा रहे हैं। भाजपा आज हर जिला मुख्यालय पर प्रोटेस्ट करेगी। पटना में भाजपा प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर तक विरोध मार्च निकालेगी और पुतला दहन करेगी।
भाजपा ने कहा कि खरगे ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो पहले गुंडों और बदमाशों से जुड़ी मानी जाती थी। पार्टी ने इसे कांग्रेस की ‘वैचारिक दिवालियापन’ का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस अब राजनीतिक दल के बजाय 'माफिया गैंग' जैसी दिखने लगी है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की जनता इस तरह की 'अशोभनीय राजनीति' को करीब से देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी। इस बीच खरगे के लिए एक और मुसीबत खड़ी हो गई है। उनके खिलाफ पटना के एक थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मल्लिकार्जुन खरगे जी का मानसिक संतुलन बिगड़ गया: ओपी राजभर
मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर यूपी के मंत्री ओपी राजभर ने कहा, 'उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और पीएम मोदी का साथ दे रही है, इसलिए अब उनके कार्यक्रमों में कुर्सियां खाली रह जाती हैं। इसी वजह से खरगे जी का ध्यान खाली कुर्सियों पर ही अटका रहता है और वे सोचते हैं कि 'जो लोग यहां बैठने वाले थे, वे सब कहां चले गए?' जिसके चलते वे चिड़चिड़े होते जा रहे हैं... हम उनके विवादित बयानों की निंदा करते हैं। खरगे जी को देश से माफी मांगनी चाहिए और यह स्वीकार करना चाहिए कि उन्होंने जो कहा वह गलत था; उन्हें माफी मांगनी चाहिए।'
मल्लिकार्जुन खरगे ने शालीनता के सभी मानदंडों को तोड़ दिया: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि अशोभनीय टिप्पणी करके खरगे ने शालीनता के सभी मानदंडों को तोड़ दिया है। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहली बार मोदी या उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कभी प्रधानमंत्री की मां का अपमान किया गया, कभी उन्हें मौत का सौदागर कहा गया और कभी उनकी गरीबी का मजाक उड़ाते हुए चायवाला कहा गया।
समय आने पर जनता उचित जवाब देगी: नितिन नवीन
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश की जनता इस तरह की अशोभनीय राजनीति को करीब से देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी। नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस तरह की अशोभनीय और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया, वह कांग्रेस पार्टी के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने कब और क्या टिप्पणी की थी
रविवार को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने PM मोदी के खिलाफ टिप्पणी की थी। भाषण के दौरान जब दर्शक दीर्घा में मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें टोका और कहा कि 'मोदी नहीं जाएगा', तो खरगे ने मंच से जवाब दिया, 'मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।'
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)