मेरठ में पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार; कैंटर और सरिया बरामद

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथ दो और बदमाशों को पकड़ लिया। यह सभी बदमाश कैंटर और उसमें लदे करीब 10 टन सरिये की लूट में शामिल रहे हैं।  

Oct 21, 2026 - 12:39
0 17
मेरठ में पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार; कैंटर और सरिया बरामद

- लूट के मामले में पुलिस की कार्रवाई, जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली; दो आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस.

नॉकआउट न्यूज मेरठ। मंगलवार देर रात्रि बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी कैंटर और उसमें लदे करीब 10 टन सरिये की लूट की वारदात में शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सरिया, दो आइशर कैंटर, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

मामले में पुलिस की तीन टीमें गठित

मामला जानी थाना क्षेत्र का है, CO सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि 19 अक्टूबर 2026 को जानी थाना क्षेत्र में नहर पुल के पास बदमाशों ने बिहार के अरवल जिला के रहने वाले कैंटर ड्राइवर के साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने तमंचे के बल पर ड्राइवर से कैंटर और उसमें लदा करीब 10 टन सरिया लूट लिया था। कैंटर दक्षिण दिल्ली निवासी रंजीत कुमार का था। घटना के बाद वाहन स्वामी ने 20 अक्टूबर को जानी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस को देखते ही की फायरिंग

CO के मुताबिक, 20 अक्टूबर को जानी थाना प्रभारी गौरव कुमार बिश्नोई को सूचना मिली कि लूट में शामिल बदमाश शिवाल पुल से मोहिउद्दीनपुर जाने वाले रास्ते पर लूटे गए सरिया को वाहन में लोड कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की घेराबंदी की। घिरने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें जानी थाना के कुराली निवासी अमनीत उर्फ धर्म सिंह के पैर में पुलिस की गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया हैं। मौके से रमन जाटव निवासी रामपुर पावटी और रोहित कश्यप निवासी तिमकिया को भी गिरफ्तार किया गया।

दो आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

CO सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मौके से लूटा गया सरिया, दो आईसर कैंटर, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

यह खबर भी पढ़िए : एशियन पैरा गेम्स में मेरठ के खिलाडियों का जलवा, आयुष वर्मा ने जीता गोल्ड तो प्रीति पाल ने झटका सिल्वर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User