अयोध्या में रामभक्त फिर बनाएंगे दीपोत्सव का विश्व कीर्तिमानः मुख्यमंत्री योगी

अयोध्या में दीपावली पर दीपोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने इसको लेकर कहा है कि अयोध्या धाम अपने 10वें भव्य-दिव्य दीपोत्सव के स्वागत को लेकर पुलकित है... See more

Oct 27, 2026 - 12:11
0 4
अयोध्या में रामभक्त फिर बनाएंगे दीपोत्सव का विश्व कीर्तिमानः मुख्यमंत्री योगी

एजेंसी, लखनऊ। अयोध्या में दीपावली पर दीपोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसको लेकर कहा है कि अयोध्या धाम अपने 10वें भव्य-दिव्य दीपोत्सव के स्वागत को लेकर पुलकित है। इस वर्ष भी रामभक्त दीप प्रज्वलन का विश्व कीर्तिमान बनाने को तैयार हैं।
 
दीपोत्सव के स्वागत को लेकर पुलकित है श्री अयोध्या धाम

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा, "सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम अपने 10वें भव्य-दिव्य दीपोत्सव के स्वागत को लेकर पुलकित है। लाखों दीपों की अलौकिक आभा से जगमगाते सरयू तट, रामायण के प्रसंगों को जीवंत करती मनोहारी झांकियां, शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस महोत्सव में त्रेतायुग की स्मृतियों को फिर से जीवंत करेंगी। हर दीप प्रभु श्री राम के प्रति अगाध श्रद्धा का प्रतीक होगा और हर लौ हमारी सनातन संस्कृति के गौरव का उद्घोष करेगी।"

विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण 

मुख्यमंत्री ने कहा कि किंतु वर्ष 2017 से पहले प्रभु श्री राम की प्राणप्रिय नगरी अयोध्या जी उपेक्षा, अव्यवस्था और बदहाली का दंश झेल रही थी। निर्दोष रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाली और पवित्र श्री हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप करने वाली सरकार को 'राम की अयोध्या' के विकास से क्या मतलब? प्रभु श्री राम की कृपा से वर्ष 2017 के बाद श्री अयोध्या जी में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया सूर्योदय हुआ।

आधुनिकता की अद्भुत संगम स्थली है अयोध्या 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से रामनगरी अपने प्राचीन वैभव को पुनः प्राप्त कर रही है। भव्य-दिव्य श्री राम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सुसज्जित रामपथ, नव्य घाट, आधुनिक सुविधाएं और सोलर सिटी के रूप में विकसित होती अयोध्या आज आस्था और आधुनिकता की अद्भुत संगम स्थली बन चुकी है।

रामभक्त दीप प्रज्वलन का विश्व कीर्तिमान बनाने को तैयार 

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राम नगरी के इस पुनर्वैभव की सबसे मनोहारी अभिव्यक्ति दीपोत्सव में दिखाई देती है। वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों से प्रारंभ हुई दीपोत्सव की यात्रा आज देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक बन चुकी है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामभक्त दीप प्रज्वलन का विश्व कीर्तिमान बनाने को तैयार हैं।

यह दीपोत्सव उन पीढ़ियों के स्वप्नों का उजास है, जिन्होंने सदियों तक अपने राम की अयोध्या को त्रेतायुगीन स्वरूप में देखने की अभिलाषा संजोए रखी। आज इसका हर दीप तुष्टीकरण के अंधकार पर आस्था की विजय, सांस्कृतिक स्वाभिमान के उदय और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प बनकर प्रज्वलित हो रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User