शेयर बाजार लाल निशान में खुला, सेंसेक्स 396 अंक तक लुढ़का

Oct 27, 2026 - 11:58
0 10
शेयर बाजार लाल निशान में खुला, सेंसेक्स 396 अंक तक लुढ़का
भारतीय शेयर बाजार

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को कारोबार की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों, कच्चे तेल की महंगी कीमतों और मध्य पूर्व में जारी तनाव ने निवेशकों की परेशानी बढ़ा दी है। 

कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 122.37 अंक यानी 0.17 प्रतिशत गिरकर 73,484.38 पर खुला। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 में 44.40 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की कमजोरी रही और यह 22,708.80 के स्तर पर खुला।

दिन के शुरुआती कारोबार में बिकवाली बढ़ने से सेंसेक्स 395.99 अंक तक टूटकर 73,210.76 के निचले स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी 50 भी 100 अंक की गिरावट के साथ 22,653.20 के स्तर तक फिसल गया।

स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में तेजी

प्रमुख सूचकांकों में छोटे और मझोले शेयरों ने मुक़ाबले में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मिडकैप 100 करीब 0.54 प्रतिशत ऊपर रहा। इससे संकेत मिला कि चुनिंदा शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है।

सेक्टरवार कारोबार में आईटी, सीमेंट और तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। निफ्टी आईटी इंडेक्स में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। निफ्टी सीमेंट 0.98 प्रतिशत और निफ्टी ऑयल एंड गैस 0.53 प्रतिशत नीचे रहा।

इसके विपरीत, फार्मा, हेल्थकेयर और सरकारी बैंकों के शेयरों में खरीदारी हुई। निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.68 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा में 0.44 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स में 0.39 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

भारतीय शेयर बाजार के लिए शुभ संकेत नहीं 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का ऊंचे स्तर पर बने रहना भारतीय शेयर बाजार के लिए शुभ संकेत नहीं है ।
ब्रेंट क्रूड 114 डॉलर प्रति बैरल के पार रहने से महंगाई और कंपनियों की लागत को लेकर आशंकाएं बढ़ी हैं। इसके अलावा, अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड लगभग 4.97 प्रतिशत पर रहने से भी बाजार की धारणा प्रभावित हो रही है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) जोखिम लेने से बच सकते हैं। 

निफ्टी के लिए 22,630 का स्तर अहम

तकनीकी विश्लेषकों की नजर निफ्टी के 22,630 के स्तर पर बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस स्तर के ऊपर टिके रहने पर बाजार में संभलने की संभावना कायम रह सकती है। ऐसी स्थिति में निफ्टी के लिए 23,000 से लेकर 23,500 तक के स्तर संभावित लक्ष्य माने जा रहे हैं। हालांकि, 22,800 से 22,900 के दायरे में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।

वहीं, अगर निफ्टी 22,630 के नीचे फिसलता है और वहां टिकने में नाकाम रहता है, तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में 22,250 से 22,000 का दायरा अगला संभावित सपोर्ट माना जा रहा है। फिलहाल बाजार की दिशा काफी हद तक वैश्विक संकेतों और निवेशकों की धारणा पर निर्भर करेगी।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली, घरेलू संस्थानों का भरोसा कायम

संस्थागत निवेश के मोर्चे पर विदेशी और घरेलू निवेशकों के रुख में अंतर बना हुआ है। सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 1,462 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने लगातार दसवें कारोबारी सत्र में खरीदारी जारी रखी और 2,609 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

घरेलू संस्थानों की यह खरीदारी बाजार को सहारा देने में अहम भूमिका निभा रही है। हालांकि, विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी रहने पर प्रमुख सूचकांकों में तेजी सीमित रह सकती है।

रुपये में मामूली मजबूती, वैश्विक बाजारों पर भी नजर

मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे मजबूत होकर 95.17 प्रति डॉलर पर खुला। पिछले कारोबारी सत्र में यह 95.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

वैश्विक बाजारों की बात करें तो अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 में 0.70 प्रतिशत और नैस्डैक में 0.82 प्रतिशत की तेजी रही। वहीं, एशियाई बाजारों में मंगलवार की शुरुआत के दौरान मिला-जुला रुख देखने को मिला।

आगे बाजार की चाल किन बातों पर निर्भर करेगी?

आने वाले सत्रों में निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों, मध्य पूर्व के घटनाक्रम, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी। इसके साथ ही, साप्ताहिक और मासिक डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी के चलते भी बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।

कुल मिलाकर, घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी बाजार को सहारा दे रही है, लेकिन महंगे कच्चे तेल, रुपये की कमजोरी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण फिलहाल सावधानी बरतने की जरूरत बनी हुई है।

(समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
भूमि चौधरी

भूमि चौधरी - ( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User