सीएम योगी का दावा, नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं

Oct 21, 2026 - 11:43
0 8
सीएम योगी का दावा, नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं
CM Yogi

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस पर देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी भी साझा की।

2017 से पहले प्रदेश में था माफिया राज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया राज था। उस समय अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद थे कि मथुरा के जवाहर बाग में कानून की रक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा।

 पुलिस व्यवस्था को बनाया गया अधिक सक्षम और आधुनिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता मिली है। प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती, प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि, सात बड़े शहरों में कमिश्नरेट प्रणाली, प्रत्येक जनपद में साइबर थाने और हर थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना से पुलिस व्यवस्था अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह हुई है।

 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई, 15 हजार करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने इसे अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

पुलिसकर्मियों के बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर पुलिसकर्मियों का शौर्य, साहस और समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि बलिदानी पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के त्याग को हमेशा स्मरण रखते हुए उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

एजेंसी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User