मेरठ में स्नातक दिनेश गोयल, शिक्षक सीट श्रीचंद ने जीती

Oct 28, 2026 - 13:13
Updated: 6 days ago
0 20
मेरठ में स्नातक दिनेश गोयल, शिक्षक सीट श्रीचंद ने जीती
एमएलसी चुनाव

लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की मेरठ खंड शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा और स्नातक सीट पर दिनेश गोयल चुनाव जीत गए हैं । बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एलएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो व वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने भी दोबारा जीत दर्ज की हैं। 

यूपी में विधान परिषद की खंड स्नातक व खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 11 सीटों पर मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से देर रात तक चली। पांच सीटों के नतीजे सामने आए, जिसमें भाजपा ने चार व सपा ने एक सीट जीती है । दोनों ही पार्टियों ने अपनी- अपनी सीटें बचाने में कामयाबी हासिल की।

निर्वाचन क्षेत्र विजेता पार्टी 
मेरठ शिक्षक श्रीचंद शर्मा भाजपा 
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक डॉ. हरि सिंह ढिल्लो भाजपा
लखनऊ शिक्षक उमेश द्विवेदी भाजपा 
वाराणसी शिक्षक लाल बिहारी यादव सपा
आगरा शिक्षक डॉ. आकाश अग्रवाल सपा 
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक ध्रुव कुमार त्रिपाठी भाजपा (परिणाम अपुष्ट)
मेरठ स्नातक दिनेश कुमार गोयल भाजपा
इलाहाबाद-झांसी स्नातक डॉ. मान सिंह यादव सपा 
आगरा स्नातक डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह भाजपा

आगरा में शिक्षक एमएलसी सीट पर सपा के आकाश अग्रवाल जीते

आगरा। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। वहीं, आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी ने सपा के शशांक यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विजयी घोषित होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर नरेंद्र प्रताप ने बुधवार को डॉ. आकाश अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। 

आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई। एक निर्वाचन क्षेत्र में विजेता की घोषणा कर दी गई है, जबकि दूसरे में अंतिम मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जा रही थी। मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न हुई। दोनों विजयी प्रत्याशियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।

मतगणना के दौरान मंगलवार रात में हुए हंगामे से जुड़े सवाल पर दीपक कुमार ने कहा कि संबंधित घटना मतगणना स्थल के अंदर हुई थी और बाहर किसी तरह की घटना नहीं हुई। पुलिस को अब तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस कमिश्नर ने मतगणना में तैनात पुलिसकर्मियों, मतदानकर्मियों और पत्रकारों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मतपत्रों से होने वाली मतगणना की प्रक्रिया लंबी होती है और पुलिसकर्मी सुबह पांच बजे से लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे।

बेंगलुरु शिक्षक सीट पर एनडीए की जीत

हैदराबाद। बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन (एमएलसी) के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में जेडी (एस) ने कांग्रेस से सीट छीन ली। जेडी (एस) की जीत पर एन. रामचंद्र ने राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है। एनडीए के उम्मीदवार ए. पी. रंगनाथ ने बैलेट पेपर से हुए चुनाव में मौजूदा कांग्रेस एमएलसी पुट्टन्ना को हराया है।

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष रामचंद्र राव ने कहा, बैलेट पेपर चुनावों ने फिर साबित कर दिया है कि भाजपा जीत गई है। अब, राहुल गांधी को क्या कहना है? जब भी भाजपा जीतती थी, वह ईवीएम को दोष देते थे। अब, भाजपा बैलेट पेपर चुनाव में भी जीत गई है।

बिहार : अनंत सिंह ने मानी हार, बोले- जनता ही मालिक

पटना। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के पिछड़ने के बाद मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि जनता ही मालिक और भगवान है। 

अनंत सिंह ने कहा कि मतगणना समाप्त हो चुकी है और अनुज सिंह चुनाव हार गए हैं। जदयू प्रत्याशी नीरज जी जीत गए हैं।इसके अलावा तिरहुत से निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी, कोसी से भाजपा के डॉक्टर एन. के. यादव और दरभंगा से भाजपा के ही सर्वेश कुमार चुनाव जीत गए हैं। 

दूसरी ओर, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में पटना सीट से राजद के डॉक्टर संजीव कुमार सिंह, दरभंगा से जन सुराज पार्टी के डॉक्टर सुरेश प्रसाद राय, तिरहुत से भारतीय जनता पार्टी के नरेंद्र प्रसाद सिंह और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के बागी निर्दलीय डॉक्टर राहुल राज चुनाव जीत गए हैं। 

(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User