ट्रंप को गोली मारने की धमकी देने के आरोप में 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार
कंसास में फेसबुक पर की गई टिप्पणियों के आधार पर हुई कार्रवाई, ट्रंप के प्रस्तावित दौरे को लेकर दी थी धमकी
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गोली मारने की धमकी देने के आरोप में 24 वर्षीय युवक जेडेन रीड को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार, आरोपी को शनिवार को कंसास के क्लियरवॉटर से पकड़ा गया। जांचकर्ताओं को सोशल मीडिया पर ट्रंप को निशाना बनाने से जुड़ी कई टिप्पणियां मिली थीं। फिलहाल आरोपी संघीय हिरासत में है और उसकी हिरासत को लेकर सुनवाई होनी है।
फेसबुक टिप्पणियों से शुरू हुई जांच
अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि मामले की जांच 15 अक्टूबर को मिली एक सूचना के बाद शुरू हुई। अधिकारियों ने केएकेई न्यूज की उस खबर के नीचे की गई फेसबुक टिप्पणियों की जांच की, जिसमें ट्रंप के कंसास के विचिटा दौरे की जानकारी दी गई थी।
ट्रंप को निशाना बनाने की कही थी बात
जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने फेसबुक पर ट्रंप को गोली मारने की बात कही थी। उसने राष्ट्रपति को निशाना बनाने वाले व्यक्ति के बारे में भी सवाल किया। इसके बाद एक अन्य टिप्पणी में हथियार और गोलियों का जिक्र करते हुए ट्रंप को मारने की धमकी दी।
भाषण स्थल और आसपास की इमारतों का किया जिक्र
अधिकारियों को केडब्ल्यूसीएच 12 न्यूज की एक अन्य खबर के नीचे भी आरोपी की टिप्पणियां मिलीं। यह खबर ट्रंप के प्रस्तावित दौरे से जुड़ी थी। इन टिप्पणियों में रीड ने कंसास में ट्रंप को गोली मारने की इच्छा जताई और खुद ऐसा करने की बात कही। उसने यह दावा भी किया कि उसे ट्रंप के भाषण स्थल की जानकारी है और वह आसपास की इमारतों की छतों का नक्शा तैयार करने की बात कर रहा था।
चार्ली किर्क की हत्या से जुड़े वाक्यांश का भी उल्लेख
जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी की एक टिप्पणी में इस्तेमाल किया गया वाक्यांश ‘गेट किर्क्ड’ सितंबर 2025 में यूटा वैली यूनिवर्सिटी में राजनीतिक कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या की घटना की ओर संकेत करता प्रतीत होता है। इन टिप्पणियों के सामने आने के बाद अधिकारियों ने जांच आगे बढ़ाई और शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
धमकी के बावजूद रैली में शामिल हुए ट्रंप
धमकियों के बीच ट्रंप सोमवार शाम कंसास के पार्क सिटी में आयोजित चुनावी रैली में शामिल हुए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर रोजर मार्शल के दोबारा चुनाव जीतने के अभियान को समर्थन देना था।
पहले भी सुरक्षा संबंधी घटना का कर चुके हैं सामना
ट्रंप को इससे पहले भी सुरक्षा संबंधी गंभीर घटना का सामना करना पड़ा था। इस साल अप्रैल में एक बंदूकधारी शॉटगन लेकर वाशिंगटन हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन के रात्रिभोज के दौरान सुरक्षा जांच चौकी तक पहुंच गया था। इस घटना में ट्रंप को चोट नहीं आई थी। बाद में कार्यक्रम को पुनर्निर्धारित कर 24 जुलाई को आयोजित किया गया।
बार-बार सामने आ रही सुरक्षा चुनौतियों के बीच ट्रंप सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे हैं। हालिया मामले ने अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान संभावित खतरों पर एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है।
एजेंसी What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)