सुरंग खोदकर नेपाल की जेल से 6 कैदी फरार, भारत सीमा पर हाई अलर्ट
नेपाल। नेपाल के डोल्पा जिले की जेल से छह सजायाफ्ता कैदी सुरंग खोदकर फरार हो गए। कैदियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए आधी रात को वारदात को अंजाम दिया। भारत में घुसपैठ की आशंका के चलते यूपी और बिहार से सटी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोनौली बॉर्डर समेत संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
आधी रात को रची फरारी की साजिश, सुबह गिनती में खुला राज
नेपाल के कर्णाली प्रांत के डोल्पा जिले की जेल में शुक्रवार की रात छह कैदियों ने फिल्मी अंदाज में फरारी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि कैदी लंबे समय से भागने की योजना बना रहे थे। इसके लिए उन्होंने अपने बैरक के फर्श को खोदकर जेल की बाहरी सुरक्षा दीवार के पार तक सुरंग बना ली।
जानकारी के मुताबिक, सुरंग की लंबाई करीब 3.5 से 4.63 मीटर यानी लगभग 12 से 15 फीट थी। कैदियों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाया और सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर जेल से बाहर निकल गए।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब जेल प्रशासन नियमित कैदी गिनती के लिए पहुंचा, तब छह कैदियों के गायब होने का पता चला। बैरक में सुरंग मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
छह फरार कैदियों में पांच दुष्कर्म के दोषी
इस घटना को और गंभीर इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि फरार हुए छह कैदियों में से पांच दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में दोषी बताए जा रहे हैं। सभी कैदी सजायाफ्ता थे। उनकी फरारी के बाद नेपाल की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यूपी-बिहार बॉर्डर पर हाई अलर्ट, सोनौली सीमा पर सख्ती
नेपाल की जेल से कैदियों के फरार होने के बाद भारत में उनके प्रवेश की आशंका जताई जा रही है। इसी को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से सटे सोनौली बॉर्डर और नेपाल के बेलहिया क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बिहार से लगी भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से निगरानी कर रही हैं। सीमा से आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
नेपाल में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
जेल की कड़ी सुरक्षा के बावजूद छह कैदियों के फरार होने से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर कैदियों ने इतनी लंबी सुरंग कैसे खोद ली और सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी? इन सवालों की जांच शुरू कर दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है। जेल के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
डॉग स्क्वायड के साथ नेपाल की सुरक्षा एजेंसियां तलाश में जुटीं
फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और सेना की टीमें तलाशी अभियान में जुटी हैं। अभियान में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। जेल के आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर जांच की जा रही है।
फिलहाल छह कैदियों की फरारी ने नेपाल की जेल सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। वहीं, भारत में उनके प्रवेश की आशंका को देखते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार से लगी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। अब सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिकता फरार कैदियों को जल्द से जल्द पकड़ना और सीमा पार उनकी संभावित आवाजाही पर नजर रखना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)