अमित शाह पंजाब में नशा तस्करों का विरोध करने के कारण मारे गए लोगों के परिजनों से करेंगे मुलाकात

Oct 20, 2026 - 10:35
0 3
अमित शाह पंजाब में नशा तस्करों का विरोध करने के कारण मारे गए लोगों के परिजनों से करेंगे मुलाकात
Union Home Minister Amit Shah

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को पंजाब का दौरा करेंगे। राज्य में नशीले पदार्थों की समस्या को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है, ऐसे में वे उन लोगों के परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने हाल ही में ड्रग तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण अपनी जान गंवा दी। 

अमित शाह के दौरे का पूरा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

अमित शाह गुरदासपुर के ग्राम मारी पनवां में 12:15 बजे विक्रमजीत सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे। दोपहर 2 बजे गुलजार सिंह के परिजनों से संगरूर के ग्राम तूर बंजारा में और परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से दोपहर 3 बजे वार्ड नं. 21, वाटर वर्क्स रोड, मानसा में मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे लुधियाना के रामलीला मैदान में विजयादशमी समारोह में हिस्सा लेंगे।

रवनीत सिंह बिट्टू का आप सरकार पर तीखा प्रहार

भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने एक्स पोस्ट में कहा कि पंजाब एक गंभीर नशीली दवाओं (ड्रग्स) की समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने कहा, "20 अक्टूबर को पंजाब के दौरे पर आ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पंजाब स्वागत करता है। ऐसे समय में जब पंजाब ड्रग्स की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, हमें अपने युवाओं और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए निर्णायक कार्रवाई, मजबूत नेतृत्व और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता है।"

बिट्टू ने पंजाब में ड्रग्स की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही आप सरकार ने जनता का समर्थन खो दिया है। उन्होंने राज्य के लोगों से अपील की कि वे ड्रग्स की समस्या से निपटने के लिए अमित शाह के प्रयासों का समर्थन करें।

उन्होंने आगे कहा, "पंजाब में आप सरकार ने अपना कार्यकाल पूरा होने से काफी पहले ही जनसमर्थन खो दिया है। मैं हर पंजाबी से अपील करता हूं कि वे अमित शाह का समर्थन करें और पंजाब को हमेशा के लिए नशा मुक्त बनाने के हमारे साझा मिशन पर भरोसा रखें। आइए, पंजाब के युवाओं को बचाने और पंजाब के भविष्य को वापस पाने के लिए एकजुट हों!"

इससे पहले रविवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वह उन लोगों के परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिनकी हत्या इसलिए कर दी गई क्योंकि उन्होंने कथित तौर पर आप सरकार के संरक्षण में काम कर रहे ड्रग तस्करों के खिलाफ आवाज उठाई थी।

शाह ने कहा, "आप सरकार ने पंजाब को नशे की गर्त में धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी है, जिसके चलते कई परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा है।"

उन्होंने कहा, "मंगलवार को मैं मानसा, संगरूर और गुरदासपुर में उन लोगों के परिवारों से मिलूंगा, जिन्होंने आप सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाई और अपनी जान गंवा दी। इन परिवारों ने जो दुख सहा है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।"

गृह मंत्री ने आगे कहा कि नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को चुप कराने की कोशिशें कामयाब नहीं होंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब की जनता इस मुद्दे पर कड़ा जवाब देगी।

शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पंजाब में नशीले पदार्थों के सेवन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। भाजपा ने आप सरकार की आलोचना तेज कर दी है और इस समस्या से निपटने तथा राज्य के युवाओं को बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

20 दिनों में शाह का पंजाब का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले, 30 सितंबर को उन्होंने जालंधर में नशा विरोधी रैली को संबोधित करने के लिए राज्य का दौरा किया था।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User