दीपोत्सव से पहले अयोध्या के होटल-होम स्टे फुल, 2 से 10 नवंबर तक बुकिंग पूरी
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या दसवें दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए तैयार हो रही है। राम मंदिर में दर्शन, सरयू घाटों की जगमगाहट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। दीपोत्सव से पहले ही इसका असर शहर के पर्यटन कारोबार पर दिखाई देने लगा है। होटल और होम स्टे में एडवांस बुकिंग तेजी से हो रही है। कई जगहों पर नवंबर के पहले सप्ताह के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार, पर्यटन विभाग और अयोध्या विकास प्राधिकरण आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। वहीं, स्थानीय होटल संचालकों, होम स्टे कारोबारियों और दुकानदारों को भी दीपोत्सव के दौरान कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
होटल में 4 से 8 नवंबर तक सभी कमरे बुक
नए घाट के पास स्थित रामप्रस्थ होटल के मैनेजर लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि उनके होटल में 4 से 8 नवंबर तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव को लेकर पर्यटकों में काफी उत्साह है। अयोध्या में हो रही तैयारियों को देखकर बाहर से आने वाले लोग भी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
होम स्टे में 2 से 10 नवंबर तक जगह नहीं
अयोध्या स्टेशन रोड स्थित अवध होम स्टे के संचालक अम्बरीश पांडे के मुताबिक, उनके यहां 2 से 10 नवंबर तक सभी कमरे बुक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सरकार और अयोध्या विकास प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय से पर्यटकों को सुविधाएं मिल रही हैं।
पहले से हो रही बुकिंग से साफ है कि दीपोत्सव के दौरान रामनगरी में ठहरने की जगहों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
सड़क, घाट और पार्किंग की बेहतर व्यवस्थाओं से पर्यटकों को राहत
पर्यटक गाइड ओपी सैनी ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। सड़क, घाट, पार्किंग और रोशनी की व्यवस्थाओं में सुधार से पर्यटकों को यात्रा के दौरान सुविधा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि गाइड भी राम जन्मभूमि, सरयू घाट और अन्य धार्मिक स्थलों के बारे में पर्यटकों को जानकारी और मार्गदर्शन दे रहे हैं, ताकि श्रद्धालु अपनी यात्रा आसानी से पूरी कर सकें।
राम और हनुमान की मूर्तियों के साथ पूजा सामग्री की मांग बढ़ी
दीपोत्सव की रौनक का असर अयोध्या के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। राम और हनुमान जी की मूर्तियों, दीयों और पूजा सामग्री की मांग बढ़ गई है।
मूर्तिकार और धार्मिक सामग्री विक्रेता राजकुमार के अनुसार, दीपोत्सव को लेकर खरीदारी में तेजी आई है। स्थानीय कारोबारियों को उम्मीद है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की खरीदारी से व्यापार को और बढ़ावा मिलेगा।
दीपोत्सव से पर्यटन कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार
अयोध्या में होटल, होम स्टे, पर्यटन गाइड और धार्मिक सामग्री से जुड़े कारोबार में बढ़ती गतिविधियां दीपोत्सव की अहमियत को दर्शा रही हैं। दसवें दीपोत्सव को लेकर रामनगरी में तैयारियां तेज हैं और स्थानीय कारोबारियों को इस आयोजन से अच्छे व्यापार की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)