लखनऊ में दोपहर 12 बजे तक स्नातक सीट पर 17.48%, शिक्षक पर 18.90% वोटिंग

Oct 23, 2026 - 14:20
0 4
लखनऊ में दोपहर 12 बजे तक स्नातक सीट पर 17.48%, शिक्षक पर 18.90% वोटिंग

- समाजवादी पार्टी की स्नातक एमएलसी प्रत्याशी कांति सिंह ने वोटिंग प्रक्रिया पर उठाए सवाल।

लखनऊ: विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग जारी है। दोपहर 12 बजे तक लखनऊ में स्नातक सीट पर 17.48% और शिक्षक सीट पर 18.90% वोटिंग हुआ। पूरे लखनऊ खंड में खीरी दोनों सीटों पर वोटिंग प्रतिशत के मामले में आगे रहा।

वहीं, बीजेपी उपाध्यक्ष नीरज सिंह और सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह ने भाजपा के सभी 11 प्रत्याशियों की जीत का दावा किया है। समाजवादी पार्टी की स्नातक एमएलसी प्रत्याशी कांति सिंह ने वोटिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर मतदाताओं को वोट डालने के तरीके को लेकर भ्रमित किया जा रहा है, कांति सिंह ने चुनाव आयोग से मामले का संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने हरदोई, प्रतापगढ़, रायबरेली और सीतापुर में पुलिस पर दबाव बनाने और लोगों को थाने बुलाने की शिकायतें मिलने का भी दावा किया।

वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगा

दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,16,491 वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 96,070 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 20,421 वोटर हैं। कुल 259 मुख्य और सहायक वोटिंग बूथ बनाए गए हैं।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सरोजनीनगर में सबसे अधिक 16,935 वोटर हैं। इसके बाद लखनऊ पूर्व में 15,740 और बख्शी का तालाब में 13,457 वोटर हैं। लखनऊ उत्तर में 11,791 और लखनऊ पश्चिम में 11,052 वोटर हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सरोजनीनगर में 3,585, लखनऊ पश्चिम में 3,383 और लखनऊ उत्तर में 3,253 वोटर हैं।

जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि वोटिंग के बाद सील मतपेटियां रमाबाई रैली स्थल पर पहुंचाई जाएंगी। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

MLC चुनाव: दोपहर 12 बजे तक खीरी में सबसे ज्यादा वोटिंग

विधान परिषद चुनाव में दोपहर 12 बजे तक लखनऊ खंड की स्नातक और शिक्षक सीटों पर वोटिंग जारी है। स्नातक सीट पर खीरी में सबसे ज्यादा 18.71% वोटिंग हुआ। वहीं, शिक्षक सीट पर भी खीरी 33.93% वोटिंग के साथ पहले स्थान पर है।

स्नातक सीट पर वोटिंग प्रतिशत

खीरी में 18.71%, लखनऊ में 17.48%, हरदोई में 15.81%, रायबरेली में 15.47%, बाराबंकी में 14.56%, सीतापुर में 14.06% और प्रतापगढ़ में 10.87% वोटिंग हुआ।

शिक्षक सीट पर वोटिंग प्रतिशत

खीरी में 33.93%, रायबरेली में 30.38%, हरदोई में 25.50%, बाराबंकी में 23.20%, प्रतापगढ़ में 18.15%, लखनऊ में 18.90% और सीतापुर में 16.28% वोटिंग दर्ज किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User