राहुल गांधी के काफिले की 5 गाड़ियां और एंबुलेंस टकराईं, कई घायल
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा, पांच गाड़ियों और एंबुलेंस की हुई टक्कर; राहुल गांधी सुरक्षित
- यूपी के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा.
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले में शामिल पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना हलियापुर इलाके में 91वें किलोमीटर के माइलस्टोन के पास हुआ, जहां काफिले की पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं।
हादसे में कांग्रेस कार्यकर्ता, अधिकारी और सुरक्षाकर्मी घायल होने की खबर
हादसे में घायल होने वालों में पार्टी कार्यकर्ता, अधिकारी और सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। घायलों की संख्या और उन्हें कितनी चोटें आई हैं, अभी तक इसकी सूचना सामने नहीं आई है।
राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के दौरे पर
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। उन्हें सुल्तानपुर की एक विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होना है। यह मामला मानहानि से जुड़ा है, जिसमें तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष और मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। ये कथित टिप्पणियां 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों से पहले बेंगलुरु में एक चुनावी रैली के दौरान की गई थीं।
सुल्तानपुर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने अमित शाह के बारे में राहुल गांधी की कथित टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। तब से इस मामले की सुनवाई सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में चल रही है। इस मामले में सोमवार को अदालत अपना फैसला सुनाने वाली है। शिकायतकर्ता के वकील संतोष कुमार पांडे ने बताया कि फैसला सुनाए जाने के दौरान राहुल गांधी को खुद अदालत में मौजूद रहना होगा। इससे पहले, अतिरिक्त सिविल जज शुभम वर्मा ने फैसला सुनाने के लिए 13 अक्टूबर की तारीख तय की थी।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक लखनऊ से सुल्तानपुर तक सड़क मार्ग से यात्रा करने और सुबह 10 बजे तक पहुंचने की उम्मीद थी। पुलिस ने अदालत परिसर के अंदर और आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। कोर्ट की कार्यवाही के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
(समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)