मुंबई में मेयर कार्यालय और कई शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की मिली धमकी 

Oct 23, 2026 - 15:41
0 3
मुंबई में मेयर कार्यालय और कई शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की मिली धमकी 

एजेंसी, मुंबई। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय और राजधानी के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

कार्यालय के अलावा 3-4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मेयर कार्यालय को एक ईमेल मिला है, जिसमें कार्यालय के अलावा 3-4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह तीसरी बार है, जब मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया

धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया। मुंबई पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया। मुंबई पुलिस ने मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत सब जगहों की जांच की, लेकिन वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है। 

इससे पहले, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग ने तलाशी अभियान शुरू किया। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या आपत्तिजनक सबूत नहीं मिला है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, धमकी पाने वाले स्कूलों में रोहिणी का वेंकटेश्वर पब्लिक स्कूल और मयूर विहार का सालवन पब्लिक स्कूल शामिल हैं। दमकल विभाग को इन दोनों स्कूलों के संबंध में क्रमशः सुबह 9.37 बजे और 9.57 बजे कॉल मिलीं। पुलिस ने बताया कि मयूर विहार स्थित सलवान पब्लिक स्कूल को मिली धमकी में 30 अक्टूबर को बम हमले की बात कही गई थी।

अलर्ट मिलने के बाद, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें स्कूलों में पहुंचीं और जांच शुरू की। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, शुरुआती तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु या सामग्री नहीं मिली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User