Meerut News: खादी महोत्सव में स्वदेशी की धूम, राम स्तुति से सजी शाम; आज नरसिम्हा की प्रस्तुति होगी आकर्षण का केंद्र
- सुर-संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बांधा समां, आठ राज्यों के उत्पाद भी बने आकर्षण.
- मंगलवार को नरसिम्हा की प्रस्तुति होगी आकर्षण का केंद्र.
नॉकआउट न्यूज संवाददाता, मेरठ। खादी के रंगों के बीच भक्ति की धुन और भारतीय संस्कृति की छटा। मंडलीय खादी महोत्सव में सोमवार की शाम श्रीराम स्तुति के नाम रही। सुर-संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया, वहीं नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक के जरिये सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। अब मंगलवार को कला वाटिका की नृत्य प्रस्तुति में भगवान नरसिम्हा का स्वरूप आकर्षण का केंद्र बनेगा। मेले में आठ राज्यों के उत्पाद भी लोगों को खूब लुभा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल की ओर से आयोजित महोत्सव में सोमवार शाम चार बजे नेहरू युवा केंद्र की ओर से नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों को सामने रखते हुए लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया। इसके बाद शाम छह से आठ बजे तक सुर-संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने श्रीराम स्तुति पर आधारित प्रस्तुति दी। भक्ति संगीत और नृत्य के संगम ने दर्शकों को भावविभोर किया। विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और मंच पर प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी और सेवानिवृत्त जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्येंद्र कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की गई। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आज भगवान नरसिम्हा की प्रस्तुति
महोत्सव में मंगलवार को कला वाटिका की ओर से नृत्य कला पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भगवान नरसिम्हा की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी। पौराणिक प्रसंग पर आधारित यह प्रस्तुति नृत्य और अभिनय के माध्यम से भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा की झलक पेश करेगी। कार्यक्रम को लेकर दर्शकों में उत्सुकता रहने की उम्मीद है।
आठ राज्यों के उत्पादों की रौनक
महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खरीदारी का आकर्षण भी बरकरार है। आठ राज्यों के विभिन्न उत्पाद लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों की पारंपरिक वस्तुओं के साथ खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पाद लोगों को स्वदेशी खरीदारी का अवसर दे रहे हैं।
यह खबर भी पढ़िए : Meerut News: खादी महोत्सव में हुनर और संस्कृति का संगम, चाक पर सजी मिट्टी की कला, मंच पर थिरके कदम
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना और आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। इसी उद्देश्य से महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
यह खबर भी पढ़िए : खादी के धागों से रोजगार को धार, मेरठ में सजा स्वदेशी उत्पादों का बाजार
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)