जापान में 6.0 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती
टोक्यो। जापान में रविवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से धरती कांप उठी। मी प्रांत के तट के पास आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.0 मापी गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र समुद्र में जमीन से करीब 352 किलोमीटर की गहराई पर था।
त्सु शहर से 110 किलोमीटर दक्षिण में था केंद्र
USGS के अनुसार, भूकंप का केंद्र मी प्रांत की राजधानी त्सु से लगभग 110 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। त्सु की आबादी 2.5 लाख से अधिक है। समुद्र के भीतर इतनी गहराई पर भूकंप आने के बावजूद आसपास के क्षेत्रों में इसके झटके महसूस किए गए।
सुनामी का खतरा नहीं, नुकसान की सूचना भी नहीं
भूकंप के बाद जापान में सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फिलहाल किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
लोगों ने बताया- धीरे-धीरे तेज होते गए झटके
यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) की वेबसाइट पर लोगों ने भूकंप के अनुभव साझा किए। कुछ लोगों के मुताबिक, शुरुआत में हल्के झटके महसूस हुए, जो धीरे-धीरे तेज होते गए। लोगों ने बताया कि झटके काफी देर तक महसूस किए गए।
'रिंग ऑफ फायर' में स्थित है जापान, हर साल आते हैं 1500 भूकंप
जापान दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। इसकी भौगोलिक स्थिति इसे भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से बेहद संवेदनशील बनाती है। देश चार प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों के क्षेत्र में स्थित है और प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' का हिस्सा है।
जापान में हर साल करीब 1,500 भूकंप दर्ज किए जाते हैं। इनमें से अधिकांश की तीव्रता कम होती है और उनसे बड़े नुकसान की आशंका नहीं रहती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)