कोलकाता में दुर्गा पंडाल में भगदड़ मची,19, भक्तों की मौत

Oct 18, 2026 - 10:52
0 5
कोलकाता में दुर्गा पंडाल में भगदड़ मची,19, भक्तों की मौत
Kolkata incident Death toll rises to 19

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को बताया कि उत्तर कोलकाता में मुक्तारामबाबू स्ट्रीट पर चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें से 17 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 

मुख्यमंत्री अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 24 खतरे से बाहर हैं और एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

पीड़ित परिवारों को 25 लाख रुपये, सरकारी नौकरी और इलाज का ऐलान

पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "जिन 19 परिवारों ने अपने किसी सदस्य को खोया है, उनके लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। उनमें से 13 परिवारों से मैंने वन-टू-वन मुलाकात की। मैंने उन्हें भरोसा दिया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी मदद करेगी। उन्होंने भी सरकार पर भरोसा जताया है। पश्चिम बंगाल सरकार प्रत्येक पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक नौकरी देगी तथा हर घायल का 100 प्रतिशत मेडिकल खर्च सरकार उठाएगी, साथ ही 5 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा भी देगी।"

58,000 पूजा पंडालों के लिए सख्त सुरक्षा एडवाइजरी जारी

उन्होंने कहा, "पूरे राज्य में 58,000 पूजाएं हो रही हैं। इस घटना को देखते हुए सभी को सावधानी बरतनी चाहिए और जरूरी एहतियात लेने चाहिए। भीड़ नियंत्रण बनाए रखना चाहिए और फायर ब्रिगेड तथा पुलिस के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करना चाहिए, जिसमें पर्याप्त लाइटिंग, एंट्री-एग्जिट पॉइंट और सुरक्षा शामिल है ताकि सभी सहयोग कर सकें।"

बताया गया कि शनिवार को चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में एग्जिट गेट का एक हिस्सा गिरने के बाद दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई थी।

मुख्यमंत्री अधिकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के साथ कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती लोगों की हालत के बारे में जानकारी ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की संवेदनाएं व सहायता

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये देने का ऐलान किया था।

पीएम मोदी ने 'एक्स' पोस्ट के जरिए कहा कि कोलकाता में भगदड़ की घटना दुखद है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की। पीएमओ ने 'एक्स' पोस्ट पर लिखा कि प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है।

वहीं दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अस्पताल का दौरा करने वाले हैं, जहां घायलों का इलाज चल रहा है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User