यूक्रेन पर रूस का भीषण मिसाइल और ड्रोन हमला: कीव समेत कई शहर तबाह, 5.5 लाख घरों में बिजली गुल

Oct 19, 2026 - 15:09
0 4
यूक्रेन पर रूस का भीषण मिसाइल और ड्रोन हमला: कीव समेत कई शहर तबाह, 5.5 लाख घरों में बिजली गुल
Russia’s massive missile and drone attack on Ukraine

कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा क‍ि अब हमें अपने बचाव के ल‍िए सहयोग‍ियों से मदद भी नहीं म‍िल रही है। हमले की चेतावनी पहले से नहीं म‍िलने के कारण यूक्रेन को एक बार फ‍िर भारी तबाही का सामना करना पड़ा। रविवार रात रूस ने कीव को न‍िशाना बनाते हुए 16 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हमले में हमारे कई लोगों की जान चली गई।

पहले से चेतावनी नहीं मिली, कीव को बनाया गया मुख्य निशाना

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''रूस ने रातभर कई चरणों में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, लेकिन एक बार फिर यूक्रेन को उसके सहयोगी देशों से पहले से कोई चेतावनी नहीं मिली। रूस ने कुल 16 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और यह हमला विशेष रूप से कीव और कीव क्षेत्र को निशाना बनाकर किया गया था।''

अस्पताल, स्कूल और मेट्रो स्टेशन क्षतिग्रस्त; कई लोगों की मौत

जेलेंस्की के अनुसार, हमलों का मुख्य निशाना ऊर्जा सुविधाएं और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा था। हालांकि, एक मेडिकल क्लिनिक, एक स्कूल, एक मेट्रो स्टेशन और कई रिहायशी इमारतें भी हमले में क्षतिग्रस्त हुईं।

उन्होंने कहा कि रूस ने 200 से अधिक ड्रोन भी इस्तेमाल किए, जिनमें जेट इंजन वाले 'शाहेद' ड्रोन भी शामिल थे। ये हमले खार्कीव और निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्रों से लेकर वोलिन, रिव्ने और ओडेसा क्षेत्रों तक किए गए। जेलेंस्की ने बताया कि हमलों में लोगों की जान भी गई है।

उन्होंने कहा, "मैं पीड़ितों के परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायल लोगों को सहायता दी जा रही है।"

राष्ट्रपति के मुताबिक, रात और सुबह के दौरान रूस ने विनित्सिया, वोलिन, किरोवोहराद, कीव, मिकोलेइव, झिटोमिर, खमेल्नित्सकी, खार्कीव, टरनोपिल, ओडेसा और रिव्ने क्षेत्रों की ऊर्जा सुविधाओं पर हमले किए।

10 से ज्यादा पावर स्टेशन तबाह, 5.5 लाख परिवारों की बत्ती गुल

उन्होंने बताया कि सिर्फ एक रात में 10 से ज्यादा ऊर्जा ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए और कम से कम 5.5 लाख परिवारों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मरम्मत दल मौके पर काम कर रहे हैं। यूक्रेन ने कभी यह युद्ध नहीं चाहा था और युद्ध समाप्त करने के लिए उसके साझेदारों द्वारा किए गए हर प्रयास का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा क‍ि हमारे साझेदारों ने युद्ध खत्म करने के लिए जो भी सम्मानजनक कोशिश की, हमने हर प्रस्ताव का सकारात्मक जवाब दिया। हर युद्धविराम प्रस्ताव पर हमारी प्रतिक्रिया सकारात्मक रही। लेकिन रूस की ओर से जवाब हमेशा मिसाइल हमलों, ड्रोन हमलों और हत्याओं के रूप में आया है।

जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन न केवल युद्ध खत्म नहीं करना चाहते, बल्कि तनाव कम करने की दिशा में भी कोई कदम नहीं उठाना चाहते। दुनिया के सभी साझेदार देशों ने खुद रूस की ओर से ऐसे प्रस्तावों को ठुकराते हुए देखा है। चीजों को उनके सही नाम से पुकारना जरूरी है, यानी आक्रमण करने वाले को आक्रमणकारी कहना और यूक्रेन को अपने लोगों की रक्षा करने में मदद करने वाला कहना।

उन्होंने कहा, ''जब यूक्रेन की हवाई सुरक्षा के लिए जरूरी मिसाइलों की आपूर्ति रोक दी जाती है, जबकि दूसरी तरफ रूस को प्रतिबंधों में राहत या देरी मिलती है, तो यह वास्तविकता को नजरअंदाज करने जैसा है।''

उन्होंने कहा क‍ि हकीकत यह है कि युद्ध अभी भी जारी है और यह सिर्फ रूस के हमलों और इस युद्ध को लंबा खींचने की उसकी इच्छा की वजह से जारी है। जेलेंस्की ने उन सभी देशों और लोगों का धन्यवाद किया जो यूक्रेन की स्थिति को समझते हैं और उसकी मदद कर रहे हैं।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User