पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क का भारत दौरा आज से, जानें पूरा कार्यक्रम
पीएम मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर से करेंगे मुलाकात, दिल्ली के बाद बेंगलुरु में व्यापार और तकनीकी क्षेत्र के प्रतिनिधियों से होगी बातचीत
एजेंसी, नई दिल्ली। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहे इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, उभरती तकनीकों और नवीकरणीय ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को टस्क के दौरे का कार्यक्रम जारी किया है। यात्रा के दौरान वह दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे, जबकि बेंगलुरु में कारोबारी और तकनीकी क्षेत्र के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
बुधवार रात दिल्ली पहुंचेंगे डोनाल्ड टस्क
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, पोलैंड के प्रधानमंत्री बुधवार रात दिल्ली पहुंचेंगे। गुरुवार को उनकी विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक होगी। इसके बाद वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ बैठक
गुरुवार को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड टस्क के बीच द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। बैठक के बाद दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान होगा और प्रेस वक्तव्य जारी किए जाएंगे। वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और आपसी सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
शुक्रवार को बेंगलुरु जाएंगे पोलैंड के प्रधानमंत्री
भारत यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार शाम टस्क दिल्ली से बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। शुक्रवार को वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री और राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), अंतरिक्ष और अन्य कारोबारी क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ उनकी बातचीत प्रस्तावित है।
23 अक्टूबर को भारत से होंगे रवाना
पोलैंड के प्रधानमंत्री शुक्रवार, 23 अक्टूबर को दोपहर में भारत से रवाना होंगे। उनके साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की तथा एक बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आएगा।
रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर है। इससे व्यापार, निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक संबंधों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया था। प्रधानमंत्री के रूप में डोनाल्ड टस्क की यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वह वर्ष 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)