पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा, यात्री बस पलटने से 10 की मौत; 44 घायल
पंजाब के सिंधु हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, कराची से डेरा गाजी खान जा रहे थे यात्री
एजेंसी, लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार सुबह एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 44 अन्य घायल हो गए। हादसा राजनपुर जिले की रोजहान तहसील में सिंधु हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बस कराची से डेरा गाजी खान जा रही थी। घटना के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सुबह 5:45 बजे हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे बांग्ला हिदायत इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि तेज गति के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पाकिस्तान के समाचार माध्यम 'डॉन' ने आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के हवाले से हादसे में 10 लोगों की मौत और 44 लोगों के घायल होने की जानकारी दी।
मृतकों में सात पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्ची
रेस्क्यू 1122 की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में सात पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं। घायलों में से 38 लोगों का इलाज राजनपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में किया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चार लोगों को डेरा गाजी खान और दो अन्य को रहीम यार खान स्थित शेख जायद अस्पताल रेफर किया गया।
35 बचावकर्मियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू 1122 ने राजनपुर, जामपुर और रोजहान से 10 एंबुलेंस और दो बचाव वाहन घटनास्थल पर भेजे। बचाव अभियान में कुल 35 कर्मियों ने हिस्सा लिया। राजनपुर के डिप्टी कमिश्नर इमरान रंझा, जिला पुलिस अधिकारी और असिस्टेंट कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।
बस चालक और मालिक के खिलाफ दर्ज होगा मामला
डिप्टी कमिश्नर इमरान रंझा ने 'डॉन' को बताया कि हादसे के बाद मौके से फरार हुए बस चालक और बस मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
पाकिस्तान में सड़क हादसों पर चिंता
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान में राजमार्गों और मोटरवे पर होने वाली दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना, चालक की थकान और वाहनों का खराब रखरखाव शामिल हैं। सड़कों की खराब स्थिति भी दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह बताई जाती है।
मुल्तान हादसे में भी पांच युवकों की हुई थी मौत
यह दुर्घटना मुल्तान में हुए एक अन्य सड़क हादसे के दो दिन बाद हुई है। सोमवार को बोसन रोड पर तेज रफ्तार टोयोटा कोरोला कार डिवाइडर से टकराने के बाद एक प्लॉट की दीवार से जा भिड़ी थी और उसमें आग लग गई थी। इस घटना में 20 से 25 वर्ष की उम्र के पांच युवकों की मौत हो गई थी।
रेस्क्यू 1122 के अनुसार, पंजाब प्रांत में प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाओं के करीब 1,352 मामले सामने आते हैं और इनमें औसतन 14 लोगों की जान चली जाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)