अमेरिका में भीषण विमान हादसा: बिजनेस जेट क्रैश, 9 लोगों की मौत
अमेरिका। अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक दर्दनाक विमान हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। टेक्सास से बहामास जा रहा एक बिजनेस जेट रिहायशी इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और वह आग के विशाल गोले में बदल गया। हादसे के बाद आसपास के इलाके में आग फैल गई और जमीन पर बड़ा गड्ढा बन गया।
हादसे से कुछ देर पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान के तेजी से नीचे गिरने की जानकारी दी थी। पायलट ने रेडियो पर ‘मेडे’ कॉल देकर इमरजेंसी घोषित की थी। हालांकि, विमान को बचाया नहीं जा सका। AFP के मुताबिक, विमान में सवार सभी 9 लोगों की जान चली गई।
क्रैश से पहले पायलट की आखिरी पुकार- मेडे, मेडे...
हादसे से पहले पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें पायलट ने बताया कि इलाके में मौसम खराब हो रहा है। विमान पर बर्फ जम रही है और उसे तेज झटके लग रहे हैं।
हालात बिगड़ने पर पायलट ने 2 हजार फीट और ऊंचाई पर जाने की अनुमति मांगी। इसी दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे गिरने लगा। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर दी।
रिकॉर्डिंग में पायलट को कहते सुना गया:
“हम 8 हजार फीट नीचे जा रहे हैं... मेडे, मेडे... हम 10 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहे हैं। हम जमीन से टकराने वाले हैं।”
इसके कुछ ही समय बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
35 हजार फीट की ऊंचाई से अचानक नीचे गिरा विमान
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे से पहले बिजनेस जेट करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। नीचे गिरने के दौरान इसकी अधिकतम गिरने की दर 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई थी।
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर हुआ। उन्होंने इस दुर्घटना को बेहद दर्दनाक बताया।
आग और मलबे के बीच 600 लोगों को सुरक्षित निकाला
विमान रिहायशी इलाके के पास क्रैश हुआ था। टक्कर के बाद मलबा आसपास फैल गया और आग लग गई। हादसे के प्रभाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
प्रभावित लोगों के लिए दो राहत शिविर भी बनाए गए, ताकि उन्हें अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।
22 साल पुराना था विमान, खराब मौसम पर भी सवाल
एविएशन इंडस्ट्री की वेबसाइट एविएशन इंटरनेशनल न्यूज के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बिजनेस जेट का निर्माण वर्ष 2004 में हुआ था। हादसे के समय विमान करीब 22 साल पुराना था।
दुर्घटना के वक्त इलाके में भारी बारिश, गरज-चमक और तूफानी मौसम था। पायलट ने भी खराब मौसम, विमान पर बर्फ जमने और तेज झटके लगने की जानकारी दी थी।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले बिजली की लाइन से टकराया था। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल खराब मौसम को भी हादसे की आधिकारिक वजह घोषित नहीं किया गया है।
FAA और NTSB करेंगे हादसे की जांच
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने दुर्घटना की जांच में मदद के लिए अपनी टीम भेजने की बात कही है। यह टीम नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर हादसे के कारणों का पता लगाएगी।
जांच में विमान की तकनीकी स्थिति, मौसम की परिस्थितियों, पायलट की आखिरी रेडियो बातचीत और दुर्घटना से पहले विमान की उड़ान संबंधी आंकड़ों की पड़ताल की जाएगी।
ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से 14 किमी दूर हुआ हादसा
यह विमान हादसा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से करीब 14 किलोमीटर की दूरी पर हुआ। रिहायशी इलाके के नजदीक हुई इस दुर्घटना ने स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)