लखनऊ शिवा शर्मा हत्याकांड: आरोपी श्रद्धा दुबे समेत तीन गिरफ्तार, यूपी एसटीएफ की कार्रवाई
- शिवा शर्मा हत्याकांड: मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को यूपी एसटीएफ ने नागपुर से किया गिरफ्तार.
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे समेत तीन लोगों को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। STF ने श्रद्धा को नागपुर से गिरफ्तार किया है। श्रद्धा पिछले कई दिनों से फरार थी और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने श्रद्धा दुबे समेत तीनों आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा था।
यूपी एसटीएफ ने नागपुर से किया गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के हजरतगंज थाने में 9 अक्टूबर को वादिनी रंजना शर्मा की लिखित तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कराई गई थी। हत्याकांड में फरार चल रहे अभियुक्तों श्रद्धा दुबे, चालक दानिश और रश्मि दुबे पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ ने मंगलवार को लखनऊ पुलिस के साथ मिलकर और नागपुर पुलिस के सहयोग से तीनों इनामी अभियुक्तों को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर लखनऊ लाया जा रहा है। प्रकरण में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है। इससे पहले सोमवार को इस मामले में कार्रवाई न होने की वजह से पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई की गई। मामले में पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रांत वीर को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। वहीं, एसीपी रजनीश वर्मा को भी उनके मौजूदा पद से हटाकर एसीपी अपराध की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शिवा शर्मा मौत मामला: लखनऊ कमिश्नरेट में चार एसीपी के कार्यक्षेत्र बदले, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
इसके अलावा लखनऊ कमिश्नरेट में चार सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया। इससे पहले हजरतगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया गया। शिवा शर्मा की मौत के करीब दस दिन बाद भी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे थे। इसी बीच महकमे में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर थाना स्तर तक हुए बदलाव को मामले में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा था। वरिष्ठ पुलिस अफसरों की ओर से की गई इन कार्रवाई के बाद सबकी निगाहें फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी थीं।
वहीं, मामले में फरार चल रही श्रद्धा दुबे ने बातचीत में अपनी सफाई देते हुए दावा किया था कि शिवा शर्मा की मौत हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या थी। उसने शिवा के कर्ज में डूबे होने को इसकी वजह बताते हुए कहा था कि सीसीटीवी फुटेज की जांच से उसकी बेगुनाही सामने आ जाएगी। श्रद्धा ने घटना में अपनी किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया।
श्रद्धा के मुताबिक शिवा शर्मा दो महीने पहले उसके घर पर रहने आया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि इस दौरान उसके घर से आभूषण चोरी होने की बात सामने आई थी लेकिन उसने इसे बहुत बड़ी घटना नहीं बताया।
ये हैं मामला: लखनऊ के हजरतगंज में अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। परिजनों ने लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे और उसके साथियों पर हत्या व ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक के शरीर पर यातना और सिगरेट से दागने के निशान मिले हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)