टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी का खुलासा, ऑटो से घूमते थे आरोपी, गूगल से खोजते थे पते
मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में नए खुलासे, गूगल से पते खोजकर सितारों के घरों तक पहुंचे शूटर; बीएनएस की धारा 111 जुड़ी, मकोका की संभावना...See more
- एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामला
- आरोपियों ने कई बार ऑटो चालकों को दिए एक हजार रुपए,
- क्राइम ब्रांच ने धारा-111 जोड़ी
Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी किए जाने का खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे अंधेरी के एक होटल में ठहरने के दौरान ऑटो रिक्शा से अलग-अलग अभिनेताओं के घरों तक जाते थे। कई बार वे गूगल पर घरों के पते खोजकर ऑटो चालकों को बताते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी सूरत पहुंचे थे, जहां बंदूक और मोबाइल फोन छिपाए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस इन जानकारियों का सत्यापन कर रही है। मामले में संगठित अपराध से संबंधित बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी गई है, जबकि मकोका लगाने को लेकर अंतिम फैसला जांच और कानूनी शर्तों के आधार पर लिया जाएगा।
श्रॉफ पर फायरिंग मामले की जांच में बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी को लेकर नए खुलासे हुए हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जब वे मुंबई पहुंचे थे और अंधेरी के एक होटल में ठहरे हुए थे, तब वे रोजाना होटल से निकलकर किसी भी ऑटो रिक्शा को रोक लेते थे।
आरोपियों ने कई बार ऑटो चालकों को दिए 1,000 रुपए
सूत्रों के अनुसार, आरोपी ऑटो चालक से कहते थे कि वे पहली बार मुंबई आए हैं और उन्हें बॉलीवुड अभिनेताओं के घर देखने हैं। इसके बाद ऑटो चालक उन्हें बॉलीवुड के बड़े सितारों के घरों तक ले जाने के लिए आमतौर पर करीब 1,000 रुपए मांगते थे। आरोपियों ने कई बार ऑटो चालकों को 1,000 रुपए देकर अलग-अलग बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी की थी।
गूगल से पते खोजकर सितारों के घरों तक पहुंचे शूटर
जांच में यह भी सामने आया है कि कई बार आरोपी खुद गूगल पर अभिनेताओं के घरों का पता सर्च करते थे और फिर वही पता ऑटो चालक को बताकर वहां पहुंच जाते थे। इस तरह वे अलग-अलग सितारों के घरों और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटा रहे थे। क्राइम ब्रांच की जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों शूटरों ने बॉलीवुड से जुड़े कई अभिनेता के घर की रेकी की थी।
क्राइम ब्रांच ने धारा-111 जोड़ी
इस मामले में क्राइम ब्रांच ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 भी जोड़ी है। इस घटनाक्रम के बाद मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाए जाने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, मकोका लगाने का अंतिम फैसला जांच के निष्कर्षों और कानून में निर्धारित शर्तों की पूर्ति के आधार पर लिया जाएगा।
यह खबर भी पढ़िए: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में नया खुलासा: आरोपियों ने हमले से पहले मुंबई के पास की थी गोली चलाने की प्रैक्टिस
यह जानकारी भी सामने आई है कि फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सूरत पहुंचे थे और उसी जगह उन्होंने बंदूक को छिपा दिया था। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन को भी उसी किसी जगह छिपाया है। सूत्रों ने यह भी बताया कि आरोपियों की पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस इसे सत्यापित कर रही है और सूरत में लोकल मदद से बंदूक और मोबाइल का पता लगाया जा रहा है।
(समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)