दशहरा के अवसर पर आज शेयर बाजार बंद, एनएसई-बीएसई में नहीं हो रहा कारोबार; जानिए एमसीएक्स का शेड्यूल

Oct 20, 2026 - 11:32
0 3
दशहरा के अवसर पर आज शेयर बाजार बंद, एनएसई-बीएसई में नहीं हो रहा कारोबार; जानिए एमसीएक्स का शेड्यूल
stock market

मुंबई । दशहरा (विजयादशमी) के अवसर पर मंगलवार यानी 20 अक्टूबर 2026 को भारतीय शेयर बाजार बंद है। इसलिए प्रमुख बेंचमार्कों- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में कारोबार नहीं हो रहा। दोनों एक्सचेंजों ने अपने 2026 के आधिकारिक अवकाश कैलेंडर में दशहरा को पूर्ण ट्रेडिंग अवकाश के रूप में शामिल किया है। ऐसे में निवेशक आज न तो शेयर खरीद-बिक्री कर सकेंगे और न ही इक्विटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में कोई ट्रेडिंग होगी। 

शेयर बाजार बंद, एमसीएक्स का शाम का सत्र रहेगा चालू

यह अवकाश ऐसे समय आया है जब सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली थी। कमजोर निजी बैंकिंग शेयरों, उम्मीद से कमजोर कॉर्पोरेट नतीजों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के दबाव में निफ्टी 50 करीब 257 अंक टूटकर 22,888.95 पर बंद हुआ था, जबकि सेंसेक्स 876.37 अंक गिरकर 73,852.90 पर आ गया था।

 बाजार में बिकवाली का असर लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स पर देखने को मिला, हालांकि निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 2.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपवाद रहा।

दशहरा अवकाश के कारण आज इक्विटी सेगमेंट के साथ-साथ फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (एफएंडओ) में भी ट्रेडिंग नहीं हो रही।

इसके अलावा, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (एसएलबी), करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स से जुड़े सभी कारोबारी सत्र भी बंद हैं।

इसलिए जो निवेशक शेयर, डेरिवेटिव्स या करेंसी बाजार में सक्रिय रहते हैं, उन्हें कारोबार के लिए अगले कारोबारी दिन का इंतजार करना होगा।

जहां इक्विटी बाजार पूरे दिन बंद रहेगा, वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में कारोबार आंशिक रूप से जारी रहेगा।

एमसीएक्स का मॉर्निंग सेशन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा, लेकिन शाम 5 बजे से कमोडिटी ट्रेडिंग दोबारा शुरू होगी।

शेयर बाजार में भारी गिरावट

इवनिंग सेशन रात 11:30 बजे या 11:55 बजे तक चलेगा। इसका मतलब है कि सोना, चांदी, कच्चा तेल और अन्य कमोडिटी फ्यूचर्स में ट्रेड करने वाले निवेशक शाम के सत्र में कारोबार कर सकेंगे।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि जब घरेलू शेयर बाजार बंद होता है, तब भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना, चांदी, क्रूड ऑयल और अन्य कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहता है।

ऐसे में एमसीएक्स का इवनिंग सेशन निवेशकों को वैश्विक घटनाक्रमों के अनुसार पोजिशन लेने का अवसर देता है।यही कारण है कि कमोडिटी निवेशकों को एक्सचेंज के ट्रेडिंग समय और अनुबंध संबंधी सूचनाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

दशहरा अवकाश के बाद एनएसई और बीएसई में नियमित कारोबार बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 से फिर से शुरू होगा। 

एनएसई-बीएसई में नहीं हो रहा कारोबार

निवेशक सामान्य समय के अनुसार शेयरों की खरीद-बिक्री और अन्य कारोबारी गतिविधियां कर सकेंगे।दशहरा के बाद शेयर बाजार में इस वर्ष तीन प्रमुख अवकाश और रहेंगे, जिसमें 10 नवंबर 2026 को दिवाली बलिप्रतिपदा, 24 नवंबर 2026 को प्रकाश पर्व श्री गुरु नानक देव जी और 25 दिसंबर 2026 को क्रिसमस शामिल है।

वहीं एमसीएक्स पर दिवाली बलिप्रतिपदा और गुरु नानक जयंती के दिन सुबह का सत्र बंद रहेगा, लेकिन शाम का सत्र खुला रहेगा। क्रिसमस के दिन एमसीएक्स का पूरा कारोबार बंद रहेगा।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User