टाइगर श्रॉफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग: बाल-बाल बचे अभिनेता, ड्राइवर घायल; बिश्नोई गैंग के नाम से मिली धमकी
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पॉश इलाके जुहू में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज हमले में अभिनेता बाल-बाल बच गए और पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं, सोशल मीडिया पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले एक शख्स का ऑडियो सामने आया है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेते हुए अभिनेता सलमान खान को भी सीधी धमकी दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त से रिपोर्ट तलब की है।
जुहू में बाइक सवार 3 हमलावरों ने की फायरिंग
घटना जुहू पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक अभिनेता के वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। हमले को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी तेजी से मौके से भाग निकले। इस गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित: मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। शुरुआती दौर में अभिनेता के भी घायल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिसे पुलिस ने सिरे से खारिज कर दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों व चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।
सोशल मीडिया पर बिश्नोई गैंग का दावा और सलमान खान को धमकी
घटना के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित नामक अकाउंट से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। इसके साथ ही एक कथित ऑडियो क्लिप भी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताने वाला अनिल पंडित नाम का शख्स कह रहा है कि यह हमला उसने और अमरन सिंद्धू ने करवाया है।
वायरल ऑडियो में दावा किया गया, "टाइगर को पहले समझाया गया था, लेकिन वह नहीं माने। जो भी इंडस्ट्री में सलमान खान के साथ काम करेगा, उसका यही अंजाम होगा।" इसके अलावा ऑडियो में सलमान खान को सीधे तौर पर बिश्नोई समाज से माफी न मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने इस ऑडियो क्लिप और सोशल मीडिया दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
15 विशेष टीमें गठित, सीएम फडणवीस ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए 15 विशेष जांच टीमें गठित की हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ गैंगस्टर कनेक्शन समेत सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
इधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त से फोन पर बात की और पूरी घटना का ब्योरा लिया। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि मामले की त्वरित और गहन जांच की जाए तथा घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
1
Comments (0)