'राहुल जी आपका 30 साल तक नंबर नहीं आने वाला-अमित शाह
एजेंसी, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली के द्वारका में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर आयोजित समारोह में उन्होंने यमुना को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
विपक्ष के पेट में दर्द है
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, "दिल्ली में एक अलग खेल चल रहा है। भाजपा की सरकारें लगातार चुनकर आ रही हैं, जिससे विपक्ष के पेट में दर्द है, इसलिए इन्होंने वोट चोरी का बहाना बनाया है। राहुल कहते हैं कि भाजपा वोट चोरी करती है। राहुल गांधी, आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ रहा है और समझ भी गया है। वोट चोरी का आरोप लगा आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो। कभी ईवीएम का बहाना बनाते हो तो कभी वोट चोरी का बहाना बनाते हो। भाजपा की केंद्र में मोदी सरकार बनने से पहले आप कभी भी कई राज्यों में चुनकर नहीं आए।"
"गुजरात-उत्तर प्रदेश में 41 साल से चुनाव नहीं जीती कांग्रेस"
उन्होंने कहा, "गुजरात में 41 साल से आपकी सरकार नहीं बनी। उत्तर प्रदेश में आप 41 साल से चुनाव नहीं जीते हैं। बंगाल में 54 साल से चुनाव नहीं जीते हैं। तमिलनाडु में 64 साल से चुनाव नहीं जीते हैं।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत से आपकी सरकार नहीं बनी। अरुणाचल में 12 साल और मिजोरम में 13 साल से चुनकर नहीं आए। मणिपुर में 14 साल, दिल्ली में 18 साल और असम में 12 साल से चुनकर नहीं आए। क्या यह सब मोदी सरकार के आने से पहले शुरू हुआ है? जब मैं कहता हूं कि 30 साल तक भाजपा की सरकार रहेगी तो ये जनता से कहते हैं कि देखो वोट चोरी है, वरना अमित शाह को कैसे मालूम पड़ा।
"यहीं जन्मा यहीं मरूंगा"
अमित शाह तो यहां जन्मा है, यहां रहता है और यहीं मरेगा। मुझे हर छह महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता है। मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं। आप जिस तरह से नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं, उसके आधार पर मैं कहता हूं कि 2030 तक आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है। मुझे मालूम है कि आप विदेश में हैं, अगले 30 साल आपका नंबर नहीं लगने वाला।
"जहां हार जाते हो, वहां चुनाव आयोग ठीक नहीं"
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, "केरल में जीत जाते हैं, तो चुनाव आयोग, मतदाता सूची, और यही ईवीएम के साथ शपथ लेकर सरकार बना लेते हैं। इसी तरह तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीत गए तो चुनाव आयोग अच्छा है। तमिलनाडु में जिस सहयोगी पार्टी को आप सपोर्ट कर रहे हैं, वहां पर चुनाव आयोग अच्छा है और जहां हार जाते हो, वहां चुनाव आयोग ठीक नहीं है। आपके पक्ष में कोर्ट फैसले देता है तो अच्छा है और कोर्ट आपके विपक्ष में दे तो कोर्ट ठीक नहीं है। यह आपका दोहरा मापदंड नहीं चलेगा।"
"यमुना को स्वच्छ-प्रदूषणमुक्त बनाने 40% कार्य पूरा"
उन्होंने कहा, "आज मैं द्वारका में यमुना शुद्धिकरण से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित हूं। ये सभी परियोजनाएं यमुना को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में रीढ़ की हड्डी के समान हैं। दिल्ली में भाजपा सरकार बनते ही प्रधानमंत्री मोदी ने एक महीने के भीतर ही उच्चस्तरीय बैठक बुलाई थी और दिल्ली सरकार के सामने यमुना को स्वच्छ बनाने की एक व्यापक कार्ययोजना रखी थी। मुझे हर्ष है कि इस योजना का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।"
"पिछली सरकारों ने गटर के पानी को यमुना में छोड़ा"
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 30 साल से पिछली सरकारों ने गटर के पानी को यमुना में छोड़ा है। रोजाना 2,000 टन गोबर यमुना में डाला जाता था और यूपी-हरियाणा का गंदा पानी भी यहीं आता था। यमुनोत्री से लेकर संगम तक दिल्ली वालों की आवाज जानी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)