आईआरजीसी का दावा: प्रत‍िबंध‍ित रास्‍ते से गुजरने की कोश‍िश में एक और सुपरटैंकर धमाके के साथ आग की चपेट में आया

Oct 17, 2026 - 13:13
0 4
आईआरजीसी का दावा: प्रत‍िबंध‍ित रास्‍ते से गुजरने की कोश‍िश में एक और सुपरटैंकर धमाके के साथ आग की चपेट में आया
Another supertanker caught fire

तेहरान। होर्मुज स्‍ट्रेट में शन‍िवार को एक और सुपरटैंकर बारूदी सुरंग (माइन) से टकराकर तेज धमाके के साथ आग की चपेट में आ गया। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने कहा क‍ि जहाज नियमों का उल्लंघन कर अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था।  

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) ने अपने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट में घटना की जानकारी साझा की। पोस्‍ट में ल‍िखा, ''नियमों का उल्लंघन करने वाला एक सुपरटैंकर, जिसमें 20 लाख बैरल से ज्‍यादा कच्चा तेल लदा था और होर्मुज स्‍ट्रेट के अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था, तभी बारूदी सुरंग (माइन) से टकरा गया। इसके चलते एक विस्फोट हुआ और भीषण आग लग गई।''

आईआरजीसी (IRGC) का दावा: 'ट्रैकिंग और रडार सिस्टम बंद कर रखा था'

ईरान की मेहर समाचार एजेंसी की र‍िपोर्ट के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने बताया क‍ि शनिवार को होर्मुज स्‍ट्रेट में एक सुपरटैंकर नौसैनिक खदान (माइन) से टकरा गया। इसके बाद जहाज में जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई।

बयान में कहा गया कि सुपरटैंकर ने अपने सभी लोकेशन ट्रैकिंग और रडार सिस्टम बंद कर दिए थे। आईआरजीसी ने आरोप लगाया कि जहाज ने धोखे से जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश की और उसे अमेरिकी सेना का समर्थन प्राप्त था।

होर्मुज में तनाव और ईरान की कड़ी चेतावनी

आईआरजीसी की ओर से पहले भी चेतावनी जारी की जा चुकी है क‍ि नेव‍िगेशन स‍िस्‍टम बंद करने वाले जहाजों पर कार्रवाई की जाएगी। आईआरजीसी के अनुसार, होर्मुज स्‍ट्रेट बंद है और जो जहाज होर्मुज में ईरान के नियमों की अवहेलना करेंगे, उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

मेहर न्‍यूज के अनुसार, आईआरजीसी ने अपने बयान में कहा कि जहाज ने ईरानी अधिकारियों के साथ समन्वय करने के बजाय अपने ट्रैकिंग उपकरण बंद कर दिए और अमेरिकी सैन्य सुरक्षा पर भरोसा किया। आईआरजीसी के अनुसार, यही इस हादसे की सीधी वजह बनी। आईआरजीसी ने कहा कि यदि टैंकर ने निर्धारित नियमों का पालन किया होता और संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखा होता, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User