इटली: मिलान में हिंसा की आशंका से लग्जरी स्टोर बंद, तैनात होंगे 500 अतिरिक्त सैनिक

Oct 20, 2026 - 12:20
0 4
इटली: मिलान में हिंसा की आशंका से लग्जरी स्टोर बंद, तैनात होंगे 500 अतिरिक्त सैनिक
Luxury stores in Milan closed amid fears of violence

रोम। इटली के मिलान शहर में वीकेंड पर हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का फैसला किया है। उप प्रधानमंत्री मातेओ साल्विनी ने शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 अतिरिक्त सैनिकों को तैनात करने का ऐलान किया। हिंसा की आशंका के बीच मिलान के प्रमुख लग्जरी शॉपिंग इलाकों में कई दुकानों को बंद कर शोकेस से कीमती सामान हटा लिया गया।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन से भड़की हिंसा: पथराव, आगजनी और लूटपाट

सप्ताहांत में मिलान ही वो शहर था जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जबरदस्त झड़पें हुईं। कुछ प्रदर्शनकारियों ने दुकानों में लूटपाट की और सार्वजनिक के साथ ही निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। शनिवार को शुरू हुआ प्रदर्शन शुरुआत में शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में कई जगहों पर हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने कूड़ेदानों में आग लगाई और पुलिस पर पथराव किया।

500 सैनिकों की तैनाती, कैबिनेट बैठक में लगेगी मुहर

साल्विनी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कहा कि मिलान की सुरक्षा के लिए 500 अतिरिक्त सैनिक भेजे जाएंगे। इस तैनाती को मंगलवार को तय कैबिनेट बैठक में सुरक्षा उपायों के पैकेज में शामिल किए जाने की उम्मीद है।

मिलान इटली का प्रमुख वित्तीय और फैशन केंद्र है। शहर के प्रसिद्ध वाया मोंटेनापोलियोने इलाके में शैनल, टिफनी और दिओर जैसे अंतरराष्ट्रीय लग्जरी ब्रांडों के स्टोर हैं। हिंसा दोबारा भड़कने की आशंका के कारण कई दुकानों ने सोमवार को समय से पहले शटर गिरा दिए। कुछ दुकानों की खिड़कियों को लकड़ी और गत्ते से ढक दिया गया, जबकि कई ने अपने शोकेस से महंगा सामान हटा लिया।

271 हिरासत में, 32 गिरफ्तार: 23 नाबालिग भी शामिल

समाचार एजेंसी एएनएसए ने बताया कि पुलिस ने शहर के प्रमुख इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों के अनुसार, रविवार को हुई हिंसा के दौरान 271 युवाओं को पुलिस हिरासत में लिया गया। इनमें से 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 23 नाबालिग और 13 विदेशी नागरिक शामिल थे। इसके अलावा 28 लोगों के खिलाफ न्यायिक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दर्ज की गई।

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हिंसा की निंदा करते हुए सोमवार को मंत्रियों और सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। सरकार नाबालिगों से जुड़ी हिंसक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और युवा गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई के विकल्पों पर विचार कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नाबालिगों को एहतियातन हिरासत में रखने की अवधि बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

मिलान के अलावा बोलोन्या, ब्रेसिया, बर्गामो और ट्यूरिन सहित उत्तरी इटली के अन्य शहरों में भी प्रदर्शन के दौरान झड़पें हुईं। शनिवार को इन घटनाओं में 28 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User