ग्वालियर हादसे पर गृह मंत्रालय ने जताया दुख, मृतकों की संख्या 14 पहुंची

Oct 18, 2026 - 15:19
0 8
ग्वालियर हादसे पर गृह मंत्रालय ने जताया दुख, मृतकों की संख्या 14 पहुंची
Amit Shah

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए सड़क हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्रालय समेत अन्य लोगों ने दुख जताया है। इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है और 27 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। 

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही, घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

वहीं, मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ग्वालियर के चीनोर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में शीतला माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की असमय मौत का समाचार हृदय को द्रवित करने वाला है। उन्होंने मातारानी से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

14 में से 11 मृतकों की हुई शिनाख्त

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों में से पुलिस ने 11 की पहचान कर ली है, जबकि तीन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मृतकों में महलगांव निवासी सतेंद्र सिंह गुर्जर उर्फ जगदीश सिंह, राजीव नगर निवासी सरला तोमर, खुरेरी के बड़ागांव निवासी गौरव परिहार, श्योपुर के सहसराम निवासी महेश शर्मा, शिवपुरी जिले के महागावरा निवासी विमलेश और भितरवार के मावटा निवासी देवेश बघेल शामिल हैं।

इसके अलावा, ठाठीपुर निवासी प्रिंस उर्फ छोटू जाटव, श्योपुर के सहसराम निवासी शौर्य शर्मा, शिवनगर गदाईपुरा निवासी हेमंत राठौर, महेशपुरा निवासी दिव्यांश कुशवाह और गदाईपुरा निवासी पवन राठौर की भी इस हादसे में मौत हुई है।

जयारोग्य अस्पताल में 13 को लाया गया था मृत, कुछ की हालत नाजुक

जयारोग्य अस्पताल समूह के अधीक्षक सुधीर सक्सेना ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि उनके अस्पताल में 13 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था। करीब 10 मरीज प्रारंभिक उपचार के बाद घर जा चुके हैं, जबकि कई घायलों का इलाज जारी है। इनमें कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर मृतकों के परिजनों ने हंगामा किया। इस दौरान ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार भी पहुंचे और शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रदेश सरकार से मृतकों और घायलों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।

विधायक सिकरवार ने आईएएनएस से कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये और घायलों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

मंत्री राकेश शुक्ला पहुंचे ट्रामा सेंटर, जांच और कार्रवाई का भरोसा

दूसरी ओर, मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश शुक्ला भी ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और घटना पर दुख जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री से पीड़ितों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही कहा कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User