सोने-चांदी के भाव बढ़े: जानिए आज के ताजा रेट

Oct 19, 2026 - 12:13
0 6
सोने-चांदी के भाव बढ़े: जानिए आज के ताजा रेट
gold and silver price

नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं में कमी आने के बाद सोमवार को शुरुआती कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई। 

MCX पर सोना-चांदी में उछाल

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना वायदा 461 रुपए यानी 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,48,379 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,47,918 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

कारोबार के दौरान सोना 581 रुपए यानी 0.4 प्रतिशत उछलकर 1,48,499 रुपए प्रति 10 ग्राम के इंट्रा-डे उच्च स्तर तक पहुंच गया। वहीं इसका इंट्रा-डे निचला स्तर 1,48,120 रुपए रहा, जो पिछले बंद स्तर से 200 रुपए या 0.13 प्रतिशत अधिक था।

इसी तरह दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी वायदा 826 रुपए या 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,12,013 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। पिछले सत्र में यह 2,11,187 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

कारोबार के दौरान चांदी 1,563 रुपए या 0.74 प्रतिशत बढ़कर 2,12,750 रुपए प्रति किलोग्राम के इंट्राडे उच्च स्तर तक पहुंची। वहीं इसका निचला स्तर 2,11,634 रुपए प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।

दिन की शुरुआत में सोना और चांदी के वायदा कॉन्ट्रैक्ट क्रमशः 1,48,397 रुपए और 2,12,319 रुपए के स्तर पर खुले थे।

फेड चेयरमैन के बयान से मिली राहत

कमोडिटी बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, शुक्रवार को फेड चेयर केविन वॉर्श की बैंकॉक में की गई टिप्पणियों के बाद अक्टूबर में ब्याज दर बढ़ाए जाने की संभावना 20 प्रतिशत से नीचे आ गई, जिससे बाजार को राहत मिली और कीमती धातुओं को समर्थन मिला।

हालांकि, उन्होंने कहा कि महंगाई के मजबूत आंकड़े, खासकर पिछले साढ़े चार वर्षों में उत्पादक मूल्य सूचकांक (पीपीआई) में सबसे तेज मासिक बढ़ोतरी, दिसंबर में ब्याज दर बढ़ाने की संभावना को अभी भी जीवित रखे हुए हैं। ऐसे में 27-28 अक्टूबर को होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक बाजार के लिए अगला बड़ा संकेतक होगी।

विशेषज्ञों के मुताबिक, एमसीएक्स सोने के लिए तत्काल प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) 1,48,600 रुपए के स्तर पर है। इसके बाद 1,50,000 रुपए से 1,50,700 रुपए का दायरा महत्वपूर्ण प्रतिरोध माना जा रहा है। वहीं निचले स्तर पर 1,48,000 रुपए पहला समर्थन (सपोर्ट) है, जिसके बाद 1,45,300 रुपए से 1,46,000 रुपए और फिर 1,43,000 रुपए से 1,43,700 रुपए का स्तर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चांदी ने मारी बाजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमैक्स गोल्ड लगभग 4,185 डॉलर के स्तर पर खुला और 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,200 डॉलर के करीब पहुंच गया। वहीं कॉमैक्स सिल्वर 57.15 डॉलर के स्तर पर खुला और 0.89 प्रतिशत की तेजी के साथ 57.80 डॉलर के करीब पहुंच गया, जिससे चांदी का प्रदर्शन सोने से बेहतर रहा।

विशेषज्ञों का कहना है कि रुपए में मजबूती आने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में आई तेजी का पूरा लाभ घरेलू बाजार को नहीं मिल पा रहा है।

सोने और चांदी के अहम सपोर्ट व रेजिस्टेंस लेवल्स

एमसीएक्स चांदी के लिए तत्काल प्रतिरोध 2,14,000 रुपए से 2,15,000 रुपए के दायरे में माना जा रहा है, जिसने शुक्रवार को चांदी की तेजी को सीमित किया था। इसके बाद 2,19,000 रुपए से 2,20,000 रुपए का स्तर अगला बड़ा प्रतिरोध हो सकता है।

वहीं चांदी के लिए तत्काल समर्थन 2,07,000 रुपए से 2,08,000 रुपए के बीच है, जबकि अगला मजबूत समर्थन 2,00,000 रुपए से 2,02,000 रुपए के स्तर पर देखा जा रहा है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User