'कभी-कभी आपको इंतजार करना पड़ता है', वैभव को मौका न मिलने पर बोले कप्तान अय्यर
बेंगलुरु । भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई 5 टी20 मैचों की सीरीज में युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव को मौका नहीं मिलने की वजह बताई है।
वैभव को मौका मिलने पर कप्तान अय्यर का बयान
बेंगलुरु में शनिवार को बारिश की वजह से पांचवां टी20 धुलने के बाद वैभव को सीरीज में मौका नहीं मिलने पर अपनी राय रखते हुए अय्यर ने कहा कि संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के टॉप-3 में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की वजह से वैभव को मौका नहीं मिला।
अय्यर ने कहा, "मुझे पता है कि उसके दिमाग में क्या चल रहा होगा, खासकर जबरदस्त आईपीएल सीजन के बाद। लेकिन आपको कभी-कभी इंतजार करना पड़ता है।
हमारे पास दो शानदार ओपनर हैं, जो लगातार रन बना रहे हैं।" उन्होंने कहा, "मैं बस उससे कहता रहता हूं, तुम्हें मौका मिलेगा। सैमसन और अभिषेक ने हमारे लिए विश्व कप जीता है।
वे लगातार रन बना रहे हैं। अगर आप अपने प्रोसेस में निरंतरता बनाए रखते हैं और आपका माइंडसेट थोड़ा हल्का है, तो अभी मौका मिलने के बारे में ज्यादा न सोचें।
शीर्ष क्रम के बेहतरीन प्रदर्शन से वैभव का इंतजार बढ़ा
सूर्यवंशी ने 4 जुलाई को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ सीनियर इंडिया के लिए डेब्यू किया। उन्होंने उस सीरीज में तीन मैचों में साधारण प्रदर्शन किया।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव का प्रदर्शन अच्छा रहा था। तीन मैचों में 2 अर्धशतकों के साथ 151 रन बनाकर वह प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे।
इसके बाद अफगानिस्तान सीरीज में उन्हें मौका नहीं मिला था। एशियन गेम्स में श्रीलंका के खिलाफ 21 गेंदों पर 38 और फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ नौ गेंदों पर 15 रन उनके बल्ले से निकले।
इसके बाद वैभव को अपने अगले मौके का इंतजार है।वैभव को भारतीय टीम के साथ 5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर जाना है। यह सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू हो रही है। देखना होगा कि वैभव को न्यूजीलैंड में मौका मिलता है या नहीं।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)