गाजियाबाद में आज मुख्यमंत्री योगी का दौरा, जानिए पूरे कार्यक्रम का शेड्यूल..
- स्नातक-शिक्षक मतदाताओं को करेंगे संबोधित,
गाजियाबाद: शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी गाजियाबाद पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हिंडन एयरपोर्ट से इंदिरापुरम और डासना तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। मुख्यमंत्री इंदिरापुरम में STP का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद डासना स्थित सुंदरदीप डीम्ड यूनिवर्सिटी में मेरठ और सहारनपुर मंडल के स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। भाजपा ने कार्यक्रम में करीब 8 हजार लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की है।
यह है मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
- दोपहर 2:05 बजे: हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- दोपहर 2:20 बजे: इंदिरापुरम में STP का निरीक्षण करेंगे।
- दोपहर 2:30 बजे: सड़क मार्ग से डासना स्थित सुंदरदीप शिक्षण संस्थान के लिए रवाना होंगे।
- दोपहर 2:45 बजे: कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- दोपहर 3:45 बजे: सड़क मार्ग से हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
- सीएम के सड़क मार्ग से आवागमन को देखते हुए संबंधित रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
3000 जवान संभालेंगे सुरक्षा और ट्रैफिक
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए करीब 3000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 2500 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, जबकि ट्रैफिक के लिए 500 पुलिसकर्मियों की अलग से तैनाती होगी।
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने एडिशनल पुलिस कमिश्नर, डीसीपी और एसीपी को सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए हैं। पीएसी के अलावा दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। मंच और कार्यक्रम स्थल पर स्पेशल कमांडो तैनात रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी, डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन और डीसीपी मुख्यालय बलवंत चौधरी के अलावा 10 एएसपी और 25 इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी तैनात रहेंगे।
विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी
23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दोनों सीटों के लिए मतदाता सम्मेलन की व्यवस्था देखने क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और गाजियाबाद के भाजपा पदाधिकारी सुंदरदीप यूनिवर्सिटी पहुंचे। पार्टी की ओर से सम्मेलन में बड़ी संख्या में मतदाताओं को जुटाने की तैयारी की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)