लद्दाख को मिली 3,350 करोड़ रुपए की सौगात, पीएम मोदी ने कहा- नई पीढ़ी पर सरकार का विशेष ध्यान

Oct 15, 2026 - 14:45
0 8
लद्दाख को मिली 3,350 करोड़ रुपए की सौगात, पीएम मोदी ने कहा- नई पीढ़ी पर सरकार का विशेष ध्यान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लद्दाख के लिए गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पांच बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा- नई पीढ़ी पर सरकार का विशेष ध्यान।

पीएम मोदी ने कहा, "आज लद्दाख की प्रगति और विकास में एक और अध्याय जुड़ रहा है। मुझे खुशी है कि मैं टेक्नोलॉजी के माध्यम से इस अवसर का हिस्सा बन रहा हूं। आज लद्दाख में कई अहम विकास परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है। इनसे कई लोगों का सफर आसान होगा, कहीं बिजली की सुविधाएं बेहतर होंगी, कहीं पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और हमारी प्राचीन विरासत के संरक्षण को भी नई ताकत मिलेगी।"

इन परियोजनाओं के लिए लद्दाख के सभी लोगों को बधाई : पीएम मोदी 

उन्होंने लद्दाख के लोगों को बधाई देते हुए कहा, "मैं इन परियोजनाओं के लिए लद्दाख के सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं इन प्रोजेक्ट्स में लगे सभी इंजीनियरों, श्रमिकों और स्थानीय साथियों को भी बधाई देता हूं। मैं बीआरओ के साथियों की भी विशेष सराहना करता हूं।"

प्रधानमंत्री ने लेह के कुशोक बकुला रिम्पोची हवाई अड्डे के नए पैसेंजर टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने ही कुछ समय पहले इसकी आधारशिला रखी थी।

पीएम मोदी ने बताया, "भारत में जियोथर्मल हीटिंग की सुविधा वाला ये देश का पहला एयरपोर्ट टर्मिनल है। हमारा प्रयास है कि लद्दाख में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो और यहां के पर्यावरण का भी पूरा ध्यान रखा जाए।"

650 करोड़ रुपए की लागत से बना यह टर्मिनल

यह टर्मिनल लगभग 650 करोड़ रुपए की लागत से बना है। इसकी एक और खास विशेषता यह है कि लद्दाख की कठोर जलवायु को ध्यान में रखते हुए इसके निर्माण में जियोथर्मल टेक्नोलॉजी के साथ-साथ सोलर एनर्जी का भी उपयोग किया गया है। इससे हवाई अड्डे की सालाना यात्री क्षमता 10 लाख से बढ़कर 35 लाख हो जाएगी, जबकि फ्लाइट्स की संख्या भी तीन गुना तक बढ़ सकती है।

आधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल से लद्दाख में टूरिज्म सेक्टर को भी मिलेगी नई ऊर्जा 

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस आधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल से लद्दाख में टूरिज्म सेक्टर को भी नई ऊर्जा मिलेगी। जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें निम्मू-पदुम-दारचा सड़क भी शामिल है, जिसे लद्दाख के लोगों को समर्पित किया गया है। इस सड़क पर करीब 2,500 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इसका निर्माण सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा, "पहले जिस सफर में करीब 12 घंटे लगते थे, वो अब लगभग 3 घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे यात्रा का समय भी बचेगा और इस रोड से व्यापार और कारोबार को भी अधिक मदद मिलेगी।"

उन्होंने बताया कि पहले उन्हें श्रीनगर और लेह को जोड़ने वाली पावर ट्रांसमिशन लाइन की आधारशिला रखने और उद्घाटन का सौभाग्य मिला था और आज सानोक हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट और उससे जुड़ी ट्रांसमिशन लाइन का भी उद्घाटन किया गया है। सरकार का विशेष ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर है। यहां के युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले, नई टेक्नोलॉजी सीखने का अवसर मिले और उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। लेह में इसलिए एक बड़ा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन रहा है।

उन्होंने बताया कि आईआईटी जम्मू और आईआईएम जम्मू के सैटेलाइट कैंपस स्थापित करने के प्रस्ताव भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इनसे उच्च शिक्षा, रिसर्च और नई स्किल्स के लिए लद्दाख के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

लद्दाख में खेलों की संभावनाओं पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां के युवाओं ने आइस हॉकी, विंटर स्पोर्ट्स और पर्वतारोहण जैसे क्षेत्रों में अपनी विशेष पहचान बनाई है। मुझे खुशी है कि लद्दाख में नई स्पोर्ट्स पॉलिसी के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि यहां के युवाओं को बेहतर ट्रेनिंग और सुविधाएं मिलें और वो राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करें।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User