नोएडा में साइबर ठगों का आतंक: बिजनेस के बहाने 1.03 करोड़ की ठगी
- 31 बार में रकम की ट्रांसफर,
- 1500 डॉलर मुनाफा का दिया लालच,
नोएडा: यूपी के नोएडा में एक व्यक्ति से ऑनलाइन कारोबार के नाम पर 1.03 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हवेलिया वैलेनोवा पार्क सोसाइटी में रहने वाले त्रिभुवन कुमार (44) ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की थी। उनके मुताबिक, 17 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने वॉट्सऐप पर संपर्क किया। उसने खुद को पोलैंड की एक कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कहा कि उनकी कंपनी को जिनसेंग उत्पाद खरीदना है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
1.03 करोड़ रुपए की ठगी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में साइबर ठगों ने वॉट्सऐप पर संपर्क कर पोलैंड की कंपनी से जिनसेंग उत्पाद का बड़ा ऑर्डर दिलाने और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद भारतीय सप्लायर के नाम पर 31 बार में अलग-अलग बैंक खातों में रुपए ट्रांसफर करा लिए। न ऑर्डर मिला और न ही रकम वापस हुई।
एक पैकेट पर 1500 डॉलर मुनाफे का दिया लालच
आरोपियों ने बताया कि जिनसेंग उत्पाद का एक पैकेट भारत में 1000 अमेरिकी डॉलर में मिलेगा। इसे पोलैंड की कंपनी को 2500 डॉलर में बेचा जा सकता है। इस तरह हर पैकेट पर 1500 डॉलर का मुनाफा होने का दावा किया गया।
आरोपियों ने भारतीय सप्लायर के तौर पर शर्मा एंटरप्राइजेज का नाम बताया। इसका पता सिक्किम के गंगटोक ईस्ट में दिया गया। इसके बाद पीड़ित को कथित पोलिश कंपनी की ओर से ईमेल भी भेजा गया। इसमें पहले 130 पैकेट और बाद में 1000 पैकेट खरीदने का ऑर्डर देने की बात कही गई।
बड़े ऑर्डर और मुनाफे के लालच में आकर त्रिभुवन कुमार ने उत्पाद खरीदने के लिए रुपए भेजने शुरू कर दिए।
31 बार में ट्रांसफर किए रुपए
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में 31 बार में करीब 1.03 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। ये बैंक खाते मुंबई के बताए गए हैं। रकम देने के बाद भी जब ऑर्डर नहीं मिला और पैसे वापस नहीं हुए, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। अब साइबर थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)