लखनऊ पहुंचीं भारत और अफगानिस्तान की टीमें, आज टीम दोपहर से इकाना स्टेडियम में करेगी अभ्यास, मुकाबला कल

इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 जून को होने वाले वनडे मैच के लिए दोनों टीमें लखनऊ पहुंच गईं।

Jun 16, 2026 - 13:12
0 3
लखनऊ पहुंचीं भारत और अफगानिस्तान की टीमें, आज टीम दोपहर से इकाना स्टेडियम में करेगी अभ्यास, मुकाबला कल
भारत और अफगानिस्तान की टीमें पहुंचीं लखनऊ.

- इकाना में आज प्रैक्टिस करेंगी, मुकाबला कल; इंडियन प्लेयर चार्टर्ड विमान से आए.

लखनऊ: इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 जून को होने वाले वनडे मैच के लिए दोनों टीमें सोमवार को लखनऊ पहुंच गईं। मैच डे-नाइट होगा। दोपहर 1 बजे टॉस और डेढ़ बजे मैच शुरू होगा। भारतीय टीम के खिलाड़ी चार्टर्ड विमान से लखनऊ एयरपोर्ट पर शाम करीब 4 बजे पहुंचे।

Photo: भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच एयरपोर्ट से बाहर निकले।

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच एयरपोर्ट से बाहर निकले।

टीम में कप्तान शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा और अर्शदीप सिंह सहित कई खिलाड़ी एयरपोर्ट पर नजर आए। इस बीच शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर एकसाथ बात करते हुए दिखे। खिलाड़ियों को देखने के लिए एयरपोर्ट पर फैं भी मौजूद थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से खिलाड़ियों को सीधे टीम बस से होटल पहुंचाया गया।

Photo: अफगानिस्तान के खिलाड़ी भी लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे।

अफगानिस्तान के खिलाड़ी भी लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे।

इसके बाद अफगानिस्तान की टीम भी लखनऊ पहुंची। UP क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के अनुसार मंगलवार को अफगानिस्तान की टीम दोपहर 1 बजे से इकाना स्टेडियम में अभ्यास करेगी। वहीं, भारतीय टीम शाम 4 बजे से 7 बजे तक अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।

दोनों टीमों ने इकाना में जीते एक एक मैच

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले वनडे मुकाबले से पहले एक दिलचस्प आंकड़ा सामने आया है। भले ही क्रिकेट विशेषज्ञ और प्रशंसक कागजों पर भारतीय टीम को मजबूत मान रहे हों, लेकिन इकाना के मैदान पर खेलने के अनुभव के मामले में अफगानिस्तान की टीम भारत से आगे है।

अफगानिस्तान ने इकाना स्टेडियम में अब तक चार वनडे मुकाबले खेले हैं। इनमें टीम को एक मैच में जीत मिली, जबकि तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर भारतीय टीम ने इस मैदान पर केवल दो वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे एक जीत और एक हार मिली है।

वर्ल्ड कप 2023 में दोनों टीमों को मिली थी जीत: इकाना स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान दोनों के लिए आखिरी यादें जीत की रही हैं। दोनों टीमों ने यहां 2023 वनडे विश्व कप के दौरान मुकाबले खेले थे। भारतीय टीम ने इकाना में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 रनों से जीत दर्ज की थी।

उस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को रोक दिया था। वहीं, अफगानिस्तान की टीम ने भी इसी मैदान पर नीदरलैंड को सात विकेट से हराया था। इस जीत ने अफगान टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाया था और टीम ने टूर्नामेंट में कई बड़ी टीमों को चुनौती दी थी।

इकाना में अभ्यास करते थे अफगानिस्तान के खिलाड़ी: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इकाना स्टेडियम का रिश्ता पुराना है। जब अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही थी, उस समय अपने देश में क्रिकेट के लिए जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण टीम को अभ्यास के लिए दूसरे विकल्पों की जरूरत थी।

साल 2019 में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अनुरोध पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इकाना स्टेडियम को अफगान टीम के अभ्यास स्थल के रूप में उपलब्ध कराया था। अफगानिस्तान की टीम ने करीब चार से पांच महीने तक यहां अभ्यास किया।

इसी दौरान अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट, वनडे और टी-20 मुकाबले भी इकाना में खेले गए थे। इस वजह से अफगानिस्तान के कई खिलाड़ी इस मैदान की परिस्थितियों से परिचित हैं। इसके अलावा आईपीएल मुकाबलों में भी कई अफगान खिलाड़ी इकाना में खेल चुके हैं।

इकाना की पिच का फायदा उठाना चाहेंगी दोनों टीमें: इकाना की पिच को लेकर हमेशा चर्चा रहती है। यहां शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, जबकि जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो सकता है। भारतीय टीम के पास अनुभवी बल्लेबाजों और मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का फायदा है।

अफगानिस्तान की टीम अपनी स्पिन गेंदबाजी के लिए जानी जाती है। इकाना की परिस्थितियां उसके स्पिनरों को अतिरिक्त मदद दे सकती हैं। मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों के सामने अफगानिस्तान के स्पिन आक्रमण की चुनौती होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User