Sports News: स्पिनर्स ने दिलाई भारत को उनकी सबसे बड़ी टेस्ट जीत
न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को पारी और 300 रनों के अंतर से हरा दिया है।
- डेब्यू टेस्ट में फाइव विकेट हॉल लेने वाले आठवें भारतीय गेंदबाज़ बने सुथार
नई दिल्ली: भारत 564/8 (गिल 126, राहुल 100, सलीम 6-140) ने अफ़ग़ानिस्तान 152 (रहमत 60, सुथार 6-33, प्रसिद्ध 3-37) और 112 फॉलोऑन (अटल 42, सुंदर 4-36, कुलदीप 3-30) को पारी और 300 रनों से हराया.
न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को पारी और 300 रनों के अंतर से हरा दिया है। भारत ने अपनी पहली पारी शुभमन गिल (126), केएल राहुल (100), साई सुदर्शन (81) और ऋषभ पंत (81) की बदौलत 564/8 के स्कोर पर घोषित की थी। मानव सुथार ने छह विकेट लेते हुए मेहमान टीम की पहली पारी केवल 152 के स्कोर पर ही समेट दी थी। इसके बाद भारत ने फॉलोऑन देने का निर्णय लिया और दूसरी पारी में भी अफ़ग़ानिस्तान को 112 के स्कोर पर ही समेट दिया।
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक रहमत 43 के निजी स्कोर पर नाबाद पवेलियन लौटे थे और उनकी टीम का स्कोर 113/5 था। तीसरे दिन के पहले सेशन में रहमत ने अपना पचासा पूरा किया। सुथार ने उन्हें क्लीन बोल्ड करते हुए अपना फाइव विकेट हॉल पूरा किया और टेस्ट डेब्यू पर भारत के लिए ऐसा करने वाले आठवें गेंदबाज़ बने। रहमत के आउट होने के बाद अफ़ग़ानिस्तान की पारी सिमटने में अधिक देर नहीं लगी। सुथार ने छह और प्रसिद्ध ने तीन विकेट अपने नाम किए। फॉलोऑन खेलते हुए अफ़ग़ानिस्तान के ओपनर्स ने बेहतर शुरुआत की और 13 ओवर तक भारत को विकेट के लिए तरसाया। सुथार को नई गेंद थमाई गई थी और उन्होंने पहला ओवर डाला था, लेकिन अटल ने उनके ख़िलाफ़ आक्रमण किया।
फॉलोऑन खेलते हुए अफ़ग़ानिस्तान ने अधिक आक्रामक रवैया दिखाया और इसी कारण पहला विकेट गिरने के बाद लगातार उन्हें झटके लगते रहे। मोहम्मद सिराज ने सीधी गेंद पर अब्दुल मलिक को फंसाया था। गुरबाज़ आक्रमण करते हुए काफ़ी पॉजिटिव लग रहे थे, लेकिन लांग ऑन लगा होने के बावजूद उसी दिशा में बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट हुए। पहली पारी में शानदार धैर्य दिखाने वाले रहमत भी इस बार बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे।
वॉशिंगटन ने दूसरी पारी में सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। अटल एक शानदार पारी खेल रहे थे, लेकिन चायकाल से पहले आख़िरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वह भी आउट हो गए। चायकाल के बाद अफ़ग़ानिस्तान की पारी को सिमटने में मुश्किल से आधे घंटे का समय लगा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पहला दिन पूरी तरह भारत ने अपने नाम किया था। हालांकि, शुरुआती घंटे में सलामी बल्लेबाज़ों की कड़ी परीक्षा भी ली गई थी। राहुल शुरू में काफ़ी असहज नज़र आए और 11वें ओवर में जियाउर रहमान की गेंद पर उन्हें एक बड़ा जीवनदान भी मिला, जब उनके बल्ले का बाहरी किनारा लगने के बावजूद अफ़ग़ानिस्तान ने रिव्यू नहीं लिया। दूसरे छोर पर तेज़ी से रन बना रहे यशस्वी जायसवाल 24 रन के निजी स्कोर पर मोहम्मद सलीम की इन-स्विंगर गेंद पर कीपर को कैच दे बैठे।
इसके बाद सुदर्शन और राहुल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी कर डाली। बेहतरीन बल्लेबाज़ी कर रहे सुदर्शन अपने पहले टेस्ट शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 81 रन के निजी स्कोर पर मोहम्मद सलीम की गेंद पर एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह विकेटकीपर अफ़सर ज़ज़ाई के एक शानदार कैच का शिकार बन गए। यहां से राहुल और गिल ने पारी को आगे बढ़ाया और तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। राहुल ने काफ़ी परिपक्व पारी में अपना सैकड़ा पूरा किया, लेकिन इसके अगली ही गेंद पर सीधे कवर को कैच थमा बैठे।
गिल और पंत ने यहां से पारी को संभाला और पहले दिन के अंत में नाबाद लौटे। गिल ने दिन का खेल समाप्त होने से ठीक पहले अपना 11वां टेस्ट शतक पूरा किया। उनके और पंत के बीच 169 रनों की साझेदारी हुई। भारत ने दूसरे दिन के पहले सत्र में तीन विकेट गंवाए जिसमें गिल और पंत का विकेट शामिल था। लेकिन इसके बावजूद भारत ने 25 ओवरों में 4.28 के रन रेट से 107 रन जोड़े। पंत 81 के स्कोर पर एक बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में शतक के क़रीब पहुंचने से चूक गए।
वॉशिंगटन सुंदर का पचासा पूरा होते ही भारत ने दूसरा सेशन ख़त्म होने से पहले ही पारी घोषित कर दी। मानव सुथार ने अपने पहले ही ओवर में अब्दुल मलिक का शिकार किया और वह पुरुष टेस्ट में अपने पहले ही ओवर में विकेट लेने वाले आठवें भारतीय गेंदबाज़ बन गए। सुथार के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अफ़ग़ानिस्तान को सेदिकुल्लाह अटल के रूप में दूसरा झटका दिया जब अटल प्रसिद्ध की अंदर आती गेंद को ग़लत लाइन में खेल गए और गेंद स्टंप पर जा लगी।
सुथार ने गुरबाज़ के संघर्ष पर विराम लगाया और 12 के निजी स्कोर पर उन्हें स्लिप में कैच आउट कराया। कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी भी ज़्यादा देर टिक नहीं पाए और उन्हें प्रसिद्ध ने 20 के निजी स्कोर पर पगबाधा किया। इसके बाद अफ़सर ज़ज़ाई भी ज़्यादा देर टिक नहीं पाए और तीन के निजी स्कोर पर सुथार ने ख़ुद उनका कैच लपकते हुए अपना तीसरा शिकार किया और इसी के साथ दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
1
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)