Sports News: श्रेयस अय्यर नए कप्तान, सूर्यकुमार को भारतीय T20 टीम की कप्तानी से हटाया गया
- इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में पहली बार बुलावा.
Sports News: श्रेयस अय्यर को भारत का नया T20I कप्तान बनाया गया है। वह सूर्यकुमार यादव की जगह लेंगे, जिन्हें जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे की सीरीज़ के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है। टीम में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है, जिन्हें पहली बार राष्ट्रीय टीम में बुलावा मिला है। वहीं टीम के उपकप्तान अब अक्षर पटेल नहीं बल्कि तिलक वर्मा है।
चयनकर्ता 2028 के लॉस एंजेलिस ओलंपिक और T20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम तैयार करना चाहते हैं। टीम में श्रेयस और सूर्यवंशी के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई और प्रिंस यादव को भी जगह मिली है, जबकि रिंकू सिंह और कुलदीप यादव को जगह नहीं मिली है। T20 विश्व कप जीतने वाली टीम से हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है।
T20 विश्व कप का ख़िताब जीतने के बाद यह भारतीय टीम की पहली T20I सीरीज़ है। तब टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सफलतापूर्वक ख़िताब का बचाव किया था। 2028 में होने वाले अगले T20 विश्व कप तक उनकी उम्र 38 वर्ष हो जाएगी। उनकी जगह को लेकर बहस T20 विश्व कप में उनके साधारण प्रदर्शन के बाद शुरू हुई थी, जहां उन्होंने नौ पारियों में 136.72 के स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए थे। इसके बाद IPL 2026 में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जहां उन्होंने 13 पारियों में 20.76 की औसत और 147.54 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ़ 270 रन बनाए।
उनके उत्तराधिकारी श्रेयस ने दिसंबर 2023 के बाद से कोई T20I नहीं खेला है। इस साल जनवरी में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ घरेलू T20I सीरीज़ के दौरान श्रेयस को चोटिल खिलाड़ी के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौक़ा नहीं मिला क्योंकि भारत ने उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी, जो उसके बाद होने वाले T20 विश्व कप में खेलने वाले थे।
श्रेयस के पास कप्तानी का शानदार अनुभव है। उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को IPL ख़िताब जिताया था, जबकि 2020 और 2025 में क्रमशः दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) को फ़ाइनल में भी पहुंचा चुके हैं। उन्होंने IPL 2025 में 175.07 के स्ट्राइक रेट से 604 रन और IPL 2026 में 168.81 के स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए।
वहीं, सूर्यवंशी 1980 के दशक के आख़िरी वर्षों में सचिन तेंदुलकर के बाद भारत की पुरुष टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। आयरलैंड और इंग्लैंड के T20I दौरे से पहले सूर्यवंशी, भारत ए के लिए श्रीलंका में 9 से 21 जून तक होने वाली त्रिकोणीय सीरीज़ में खेलेंगे, जिसमें अफ़ग़ानिस्तान भी हिस्सा लेगा।
अगर सूर्यवंशी आयरलैंड या इंग्लैंड के ख़िलाफ़ डेब्यू करते हैं, तो वह 16 साल से पहले अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनेंगे। रिकॉर्ड तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 16 साल और 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टेस्ट में उतरते हुए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। वहीं T20I में रिकॉर्ड वॉशिंगटन सुंदर के नाम है, जिन्होंने 18 साल और 80 दिन में T20I डेब्यू किया था।
भारत, आयरलैंड के खिलाफ़ बेलफ़ास्ट में 26 और 28 जून को दो T20I खेलेगा। इसके बाद 1 से 11 जुलाई के बीच इंग्लैंड में पांच T20I मैचों की सीरीज़ खेली जाएगी।
आयरलैंड और इंग्लैंड T20I सीरीज़ के लिए भारतीय टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, इशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरूण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)