Sports News: 2027 विश्व कप से पहले ऑलराउंडरों की नई खेप से उत्साहित हैं टेन डेशकाटे

Jun 27, 2026 - 22:34
0 3
Sports News: 2027 विश्व कप से पहले ऑलराउंडरों की नई खेप से उत्साहित हैं टेन डेशकाटे
Sports News

Sports News: भारत के सहायक कोच ने नीतीश रेड्डी को हार्दिक पंड्या का स्वाभाविक बैक-अप बताया, जबकि कुलदीप यादव की फॉर्म को लेकर चिंता से इनकार किया. भारत के सहायक कोच रयान टेन डेशकाटे 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के देखते हुए टीम के उपलब्ध ऑलराउंडरों के समूह से काफ़ी उत्साहित हैं। अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ जारी वनडे सीरीज़ में हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में भारत ने बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज़ी ऑलराउंडर हर्ष दुबे को वनडे टीम में मौक़ा दिया, जबकि घुटने की सर्जरी से उबरने के बाद तीसरे वनडे के लिए तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर हर्षित राणा की भी वापसी हुई है।

नीतीश कुमार रेड्डी जांघ में दर्द के कारण लखनऊ वनडे नहीं खेल पाए थे, लेकिन चेन्नई में तीसरे वनडे के लिए उनकी वापसी तय मानी जा रही है। सीरीज़ पहले ही भारत के नाम हो चुकी है। इसलिए टेन डेशकाटे ने संकेत दिए कि टीम एक अतिरिक्त ऑलराउंडर को मौक़ा देने के लिए किसी विशेषज्ञ बल्लेबाज़ को बाहर भी बैठा सकती है।

टेन डेशकाटे ने तीसरे वनडे के पूर्व संध्या कहा, "इतने सारे ऑलराउंडर का टीम में होना एक अच्छी बात है। हालांकि मैं अब भी कहूंगा कि इनमें से ज़्यादातर खिलाड़ी गेंदबाज़ी ऑलराउंडर हैं। जब हार्दिक फ़िट होते हैं तो वह एक अलग आयाम जोड़ते हैं क्योंकि वह शानदार बल्लेबाज़ और बेहतरीन फ़िनिशर हैं। ऐसा खिलाड़ी ढूंढना आसान नहीं होता जो मैच फ़िनिश कर सके और साथ ही गेंदबाज़ी में भी योगदान दे सके।

"लेकिन ये सभी खिलाड़ी सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। नीतीश ने पिछले 18 महीनों में दिखाया है कि वह इस टीम के लिए, खासकर इस प्रारूप में कितने महत्वपूर्ण हो सकते हैं। मुझे लगता है कि उनका शरीर लगातार मजबूत हो रहा है और मैं उन्हें हार्दिक का स्वाभाविक बैक-अप मानता हूं।"

टेन डेशकाटे ने गुरनूर बराड़ और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों की भी तारीफ़ की, जिन्हें उन्होंने गेंदबाज़ी ऑलराउंडर बताया।

टेन डेशकाटे ने कहा, "इन खिलाड़ियों का योगदान देखना अच्छा है। गुरनूर और हर्षित जैसे खिलाड़ी गेंदबाज़ी ऑलराउंडर हैं, लेकिन हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि नंबर नौ तक बल्लेबाज़ी करने वाले खिलाड़ी मौजूद हों। अगले 14-15 महीनों को देखते हुए यह बहुत अहम होगा। खासकर साउथ अफ़्रीका जैसी परिस्थितियों में यह और भी अहम होगा, जहां आप तीन विशेषज्ञ तेज़ गेंदबाज़ खिलाना चाहेंगे। तब इन खिलाड़ियों को बल्ले से भी योगदान देना होगा। ऑलराउंडर और तेज़ गेंदबाज़ी विभाग में कई सकारात्मक संकेत मिले हैं। प्रिंस यादव, गुरनूर और आक़़िब नबी को देखना ताज़गी भरा रहा है।"

कुलदीप की फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं

बाएं हाथ के कलाई के गेंदबाज़ कुलदीप यादव अपने सबसे ख़राब IPL सीज़न के बाद इस सीरीज़ में आए हैं। IPL 2026 में उनका औसत 38.10 और इकॉनमी रेट 10.29 रहा था। धर्मशाला वनडे में हर्ष दुबे को उनसे पहले मौक़ा मिला था, जबकि लखनऊ में कुलदीप को खेलने का अवसर मिला लेकिन वह दस ओवर में कोई विकेट नहीं ले सके।

इसके बावजूद टेन डेशकाटे को उनकी फ़ॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा, " विकेट हमेशा नहीं मिलते और मुझे लगा कि उन्होंने पिछले मैच में अच्छी गेंदबाज़ी की। उन्होंने लंबे समय से लगातार क्रिकेट नहीं खेला है। टेस्ट क्रिकेट में भी उन्हें लगातार मौके नहीं मिले हैं। इसलिए उनकी फ़ॉर्म को लेकर कोई वास्तविक चिंता नहीं है।

"हम हमेशा एक रिस्ट स्पिनर या मिस्ट्री स्पिनर को खिलाना पसंद करते हैं। लेकिन क्रिकेट का खेल जिस तरह बदल रहा है और बल्लेबाज़ स्पिनरों पर जिस तरह हमला कर रहे हैं, उससे स्पिनरों को समय-समय पर खु़द को फिर से विकसित करना पड़ता है।"

उन्होंने नए स्पिन गेंदबाज़ी कोच साईराज बहुतुले की भूमिका का भी ज़िक्र किया।

टेन डेशकाटे ने कहा, "अब साईराज बहुतुले स्पिनरों के साथ काम कर रहे हैं। वह रणनीति, गेम प्लानिंग और नए विचारों पर काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि कुलदीप सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और यह उनके लिए काफ़ी मायने रखता है।"

टेन डेशकाटे ने कहा कि कुलदीप को अब युवा स्पिनरों से प्रतिस्पर्धा मिल रही है, लेकिन टीम प्रबंधन को उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा है।

"हर खिलाड़ी की तरह उन्हें भी अपनी जगह के लिए प्रतिस्पर्धा करनी होगी। टीम का चयन संतुलन और भूमिका के आधार पर होता है। कुलदीप के पास रिस्ट स्पिनर की भूमिका है, लेकिन कभी-कभी टीम को एक ऑलराउंड स्पिनर की ज़रूरत भी होती है।

"यह कुलदीप के ख़िलाफ़ नहीं है। कई खिलाड़ी उनकी जगह के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं, लेकिन मुझे उनकी क्षमता पर कोई संदेह नहीं है। वह ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो अभी भी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हों। उन्होंने लगातार प्रदर्शन किया है और काफ़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेली है। हमारा काम सिर्फ़ उन्हें आगे बढ़ाते रहना और बेहतर बनने के लिए प्रेरित करना है।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User