NEET re-exam: Uttarakhand में 21 हजार स्टूडेंट देंगे एग्जाम, परीक्षा केंद्रों के आसपास रहेगा जीरो जोन

Jun 27, 2026 - 22:34
0 3
NEET re-exam: Uttarakhand में 21 हजार स्टूडेंट देंगे एग्जाम, परीक्षा केंद्रों के आसपास रहेगा जीरो जोन
NEET re-exam
  • परीक्षा से 4 घंटे पहले हर सेंटर की होगी चेकिंग,
  • एडमिट कार्ड दिखाकर बसों में करेंगे फ्री ट्रेवल.

देहरादून: कल यानी 21 जून 2026 को देशभर में होने वाली री-नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) को लेकर Uttarakhand में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश के 13 शहरों में करीब 21 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास जीरो जोन रहेगा, जहां मीडिया को भी रिपोर्टिंग की अनुमति नहीं होगी।

अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए धामी सरकार ने विशेष व्यवस्था की है। नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राएं उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र तक आने और वापस लौटने के लिए अभ्यर्थियों को केवल अपना एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र दिखाना होगा। यह सुविधा तीन दिनों तक लागू रहेगी।

21 जून को परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी। अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सघन जांच की जाएगी और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी रखेंगी। किस शहर में क्या व्यवस्थाएं की गई हैं...

देहरादून में 16 केंद्रों पर 6800 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

देहरादून में परीक्षा के लिए 16 केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 6800 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। दो नोडल अधिकारियों को 8-8 केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम समेत सभी व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी हैं।

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों और एनटीए की गाइडलाइन के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार सभी 16 केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

हल्द्वानी में 11 केंद्रों पर 3874 छात्र देंगे परीक्षा: नैनीताल जिले में 11 परीक्षा केंद्रों पर 3874 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के संचालन के लिए पूरे जिले को 2 जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से कराने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहेंगे तथा बिजली, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

ऊधम सिंह नगर में 5 केंद्रों पर 2528 परीक्षार्थी बैठेंगे: ऊधमसिंहनगर जिले में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2528 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें पंतनगर स्थित प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नए और पुराने भवन, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय काशीपुर, आईआईएम काशीपुर और पीएमश्री अटल उत्कृष्ट एएन झा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर शामिल हैं।

अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने निर्देश दिए हैं कि प्रश्नपत्र सीसीटीवी निगरानी में रखे और खोले जाएं। सभी केंद्रों पर जैमर की कार्यशीलता पहले से जांची जाएगी। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

पिथौरागढ़ में दो केंद्रों पर होगी परीक्षा: पिथौरागढ़ जिले में केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है।

अल्मोड़ा में केंद्र का निरीक्षण, CCTV और जैमर जांचे: अल्मोड़ा में द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान में बनाए गए परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, जैमर, सुरक्षा इंतजामों, पेयजल, बिजली और शौचालय सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा से 4 घंटे पहले होगी सभी केंद्रों की जांच: SSP देहरादून के निर्देश पर परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी जोनल अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से चार घंटे पहले केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया है। इस दौरान कंट्रोल रूम, जैमर और सीसीटीवी कैमरे सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं, यह देखा जाएगा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों की भी पड़ताल की जाएगी।

सभी परीक्षा केंद्रों की चारदीवारी की भी जांच होगी। कहीं कोई सुरक्षा संबंधी कमी मिलने पर उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के भीतर परीक्षार्थियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

संदिग्धों पर नजर, होटल-ढाबों की भी होगी चेकिंग: पुलिस को परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल टीमें तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। ये टीमें संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखेंगी। वहीं थाना प्रभारियों को होटल, ढाबों, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं की जांच कर वहां ठहरे लोगों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा से पहले और परीक्षा के दौरान संदिग्ध रूप से ठहरे लोगों से पूछताछ भी की जाएगी।

पेपर लीक के बाद दोबारा हो रही परीक्षा: 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा के बाद देश के कई हिस्सों में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। अब 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा को लेकर उत्तराखंड में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User