सिरसा का ASI निकला अफीम तस्कर, 8 किलो ड्रग्स मामले में बर्खास्त
Haryana News: हरियाणा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ा झटका तब लगा, जब सिरसा जिले के डिंग थाने में तैनात एक ASI का नाम अफीम तस्करी में सामने आया। फतेहाबाद में पकड़े गए एक तस्कर ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसने 8 किलो से अधिक अफीम डिंग थाने के ASI रणबीर सिंह से खरीदी थी।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ASI रणबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया, जबकि डिंग थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
जांच में सामने आया कि अफीम की खेप पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से ट्रक के जरिए हरियाणा लाई गई थी। हैरानी की बात यह है कि ट्रक पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से गुजरते हुए हरियाणा पहुंचा, लेकिन कहीं भी सुरक्षा एजेंसियों की नजर में नहीं आया।
इस घटना ने न केवल नशा तस्करी के नेटवर्क की गहराई उजागर की है, बल्कि कानून व्यवस्था और सीमा जांच व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पुलिस पर नशा रोकने की जिम्मेदारी है, उसी विभाग के कर्मचारी का इस धंधे में शामिल होना पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान लगा रहा है।
हरियाणा और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों, खासकर सिरसा और फतेहाबाद में नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है। युवाओं में मेडिकल और अन्य नशीले पदार्थों की लत इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)